शिक्षक एमएलसी चुनाव में शैक्षिक महासंघ की हुंकार: छह सीटों पर उतारेगा प्रत्याशी, जनवरी से प्रदेशव्यापी कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। महासंघ के माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनूप शर्मा ने आगरा में स्पष्ट किया कि संगठन छह शिक्षक सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा और इसके लिए रणनीति व कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

Jan 4, 2026 - 19:31
 0
शिक्षक एमएलसी चुनाव में शैक्षिक महासंघ की हुंकार: छह सीटों पर उतारेगा प्रत्याशी, जनवरी से प्रदेशव्यापी कार्यक्रम
रविवार को आगरा के दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॊ. अनूप शर्मा। साथ हैं डॊ. देवी सिंह नरवार व अन्य पदाधिकारी।

आगरा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनूप शर्मा रविवार को आगरा पहुंचे। उनके आगमन पर महासंघ के संस्थापक डॉ. देवी सिंह नरवार के नेतृत्व में जिला महामंत्री डॉ. दुष्यंत कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल और जिला संघर्ष समिति संयोजक मनोज कुमार ने शॉल ओढ़ाकर एवं पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर डॉ. अनूप शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों पर आगामी चुनाव में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अपने प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने बताया कि संगठन स्तर पर चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति और कार्य योजना तैयार की जा चुकी है।
डॉ. शर्मा ने जानकारी दी कि लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली–मुरादाबाद और गोरखपुर–फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सभी एमएलसी का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते नवंबर 2026 में चुनाव प्रस्तावित हैं।

उन्होंने बताया कि महासंघ की सलैक्शन एंड स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार वरिष्ठ पदाधिकारियों से विचार-विमर्श कर प्रत्याशियों के चयन को लेकर गहन मंथन कर रहे हैं।

डॉ. अनूप शर्मा ने आगे बताया कि महासंघ के बैनर तले प्रदेश के सभी जनपदों में 12 जनवरी (स्वामी विवेकानंद जयंती) से 23 जनवरी (नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती) तक कर्तव्य बोध दिवस के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत दो-दो मंडलों के संयुक्त अधिवेशन आयोजित होंगे। इसी क्रम में आगरा एवं अलीगढ़ मंडल का संयुक्त अधिवेशन 5 फरवरी को आगरा में आयोजित किया जाएगा, जिसे शिक्षक एमएलसी चुनाव की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना को लेकर तेज हुआ आंदोलन

महासंघ के संस्थापक डॉ. देवी सिंह नरवार ने बताया कि आगरा में माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की मांग को लेकर महासंघ ने संघर्ष तेज कर दिया है। संगठन मंत्री महेंद्र कुमार ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता के लिए समय मांगा है। इसी माह मुख्यमंत्री से मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor