चांदी और ब्रश व्यवसाय को ओडीओपी में जोड़ने का प्रयास, व्यापारियों को मिलेगा 75% रेम्बर्समेंट

आगरा। आगरा के चांदी और ब्रश व्यवसाय को ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) योजना में शामिल कराने, व्यापारियों को 75% तक रेम्बर्समेंट सुविधा देने और लीजहोल्ड जमीनों को फ्रीहोल्ड कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आज नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने की।

Jul 10, 2025 - 20:50
 0
चांदी और ब्रश व्यवसाय को ओडीओपी में जोड़ने का प्रयास, व्यापारियों को मिलेगा 75% रेम्बर्समेंट
नेशनल चैंबर भवन में गुरुवार को आयोजित बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल, मनीष अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी।

-संयुक्त आयुक्त उद्योग के साथ चैम्बर की बैठक सम्पन्न, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई गंभीर चर्चा

चैंबर भवन में आयोजित बैठक में एमएसएमई प्रकोष्ठ के चेयरमैन अम्बा प्रसाद गर्ग एवं औद्योगिक विकास प्रकोष्ठ के चेयरमैन नरेंद्र तनेजा ने 9 सूत्रीय प्रतिवेदन संयुक्त आयुक्त उद्योग को सौंपा।

लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड के लिए उद्योग केंद्र में दें प्रतिवेदन

संयुक्त आयुक्त ने सुझाव दिया कि नुनिहाई क्षेत्र की लीजहोल्ड भूमि को फ्रीहोल्ड कराने के लिए व्यापारी जिला उद्योग केंद्र में प्रतिवेदन दे सकते हैं, जिसे शासन को भेजा जाएगा।

चांदी और ब्रश व्यवसाय को ओडीओपी में जोड़ने की प्रक्रिया जारी

बैठक में व्यापारियों ने चांदी व्यवसाय और ब्रश व्यवसाय को ओडीओपी योजना में शामिल करने की मांग की। इस पर संयुक्त आयुक्त ने बताया कि इन दोनों को ओडीओपी में शामिल करने का प्रयास चल रहा है।

ओडीओपी में स्टॉल, भाड़ा और यात्रा व्यय पर 75% रेम्बर्समेंट

संयुक्त आयुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि ओडीओपी प्रदर्शनी में भाग लेने वाले उद्यमियों को स्टॉल शुल्क, भाड़ा, और कन्वेंस (यात्रा भत्ता) पर 75% तक रेम्बर्समेंट दिया जाता है।

लंबित भुगतानों पर 90 दिन में कार्रवाई का प्रयास

उन्होंने कहा कि समाधान पोर्टल पर दाखिल मामलों की एक प्रति जिला उद्योग केंद्र में जमा की जाती है। डीआईसी ऐसे मामलों में 90 दिनों के भीतर भुगतान दिलाने का प्रयास करता है।

कुशल श्रमिकों के लिए पुनः खुलेंगे प्रशिक्षण केंद्र

बैठक में जूता उद्योग के लिए कुशल श्रमिकों की कमी पर चर्चा की गई। इस पर संयुक्त आयुक्त ने बताया कि कौशल विकास केंद्र की स्थापना पुनः की जाएगी, जिससे श्रमिकों को प्रशिक्षण देकर उद्योग को मजबूती दी जा सके।

प्राइवेट औद्योगिक पार्क की स्थापना पर चर्चा

उन्होंने कहा कि सरकार प्राइवेट औद्योगिक पार्क की स्थापना में सहयोग कर रही है। इससे स्थानीय उद्योगों को बेहतर संरचना और सुविधाएं मिल सकेंगी।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल, मनीष अग्रवाल, संजय अरोरा, मयंक मित्तल, अनूप मित्तल, विवेक अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, आशीष गुप्ता, महेश अग्रवाल, सुनील गर्ग, आशीष गर्ग, दीपेन अग्रवाल, रवि जैन, राजीव गुप्ता समेत अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor