ताज को रात में खोले जाने की कोशिश चल रही है, पढ़ें इससे होगा क्या, किसने किसको पत्र लिखा ?
आगरा। पर्यटकों का आगरा में रात्रि प्रवास बढ़ाने और पर्यटन उद्योग को गति देने के लिए ताजमहल को रात्रि 11 बजे तक खोले जाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की पहल पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा है।
गौरतलब है कि ताज का दीदार करने को आगरा आने वाले ज्यादातर विदेशी पर्यटक आगरा न रुककर जयपुर, दिल्ली या अन्य पर्यटक स्थलों में रुकते हैं। ज्यादातर विदेशी पर्यटक सीधे दिल्ली से आगरा में ताज देखकर जयपुर की ओर रवाना हो जाता है, जिसके कारण आगरा का पर्यटन उद्योग काफी प्रभावित होता है। यहां के पर्यटन व्यवसायी ताज को रात्रि में भी खोले जाने की लगातार मांग करते चले आ रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. बघेल ने पर्यटन उद्यमियों की मांग का समर्थन करते हुए ताज को रात्रि में खोले जाने हेतु पैरोकारी तेज कर दी है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र को प्रस्ताव भिजवाने में सफलता हासिल कर ली है। उनकी ही पहल पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री को पत्र लिखकर ताज को कृत्रिम रोशनी में रात्रि 11 बजे तक खोलने का आग्रह किया है।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने पत्र में लिखा है कि ताज के रात्रि में खुलने से आगरा में पर्यटकों का प्रवास बढ़ेगा। इससे यहां के स्थानीय कारोबार और रोज़गार में गुणात्मक रूप से अवसर बढ़ने से राजस्व में भी काफी वृद्धि होगी।