ईद की खुशियां मातम में बदलीं: बरेली में युवक की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार और लापरवाही ने छीनी जिंदगी, दो साथी गंभीर

-आरके सिंह- बरेली। ईद के दिन खुशियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। सिरौली-अलीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बुलेट सवार 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है।

Mar 21, 2026 - 20:48
 0
ईद की खुशियां मातम में बदलीं: बरेली में युवक की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार और लापरवाही ने छीनी जिंदगी, दो साथी गंभीर
हादसे में मृत गुलफाम का फाइल फोटो।

थाना सिरौली के प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को उमंग पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने आगे चल रही दूसरी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर बुलेट सवार युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान खैलम देहजागीर निवासी गुलफाम (20) ने दम तोड़ दिया। वहीं, नूर हसन अंसारी (18) और दूसरी बाइक सवार भूपेंद्र (27) का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों के मुताबिक, गुलफाम अपने साथी नूर हसन अंसारी के साथ ईद की नमाज अदा करने के बाद अलीगंज में एक दोस्त से मिलने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दूसरी ओर, भूपेंद्र वजीरगंज की ओर जा रहा था, तभी दोनों बाइक आपस में टकरा गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट सवार युवक तेज रफ्तार में थे और उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना था। हादसे से ठीक पहले उनकी बाइक एक ऑटो से टकराने से बाल-बाल बची, लेकिन नियंत्रण खोने के बाद आगे चल रही बाइक में जा भिड़ी।

गुलफाम छह भाइयों में पांचवें नंबर का था और अलीगंज में फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। उसके पिता अबरार दिल्ली में मसालों का कारोबार करते हैं। ईद के दिन हुई इस दुखद घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

SP_Singh AURGURU Editor