मथुरा में टीले पर मिट्टी खिसकने से आठ मकान ढहे, दो सगी बहनों समेत तीन की मौत, कई और लोग दबे
मथुरा। शहर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र के शाहगंज दरवाजा इलाके में सिद्ध बाबा मंदिर के पास कच्ची सड़क पर बने टीले पर अचानक मिट्टी खिसकने से आठ से अधिक मकान भर-भराकर गिर गए। इस हादसे में दो बच्चियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना के तुरंत बाद जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
टीले पर बने मकानों के नीचे मिट्टी खिसकने से मकान जैसे टुकड़ों में टूट गए। मोहन लाल जो खुद भी मलबे से भाग निकले, ने बताया कि जमीन हिलती हुई महसूस हुई और भागते-भागते पैर में चोट आई। मलबे में दबे परिवारों में तोता राम सैनी, सूरजभान गलाई वाले, राधा मणि, मान सिंह और विनोद हलवाई के मकान शामिल थे। विनोद हलवाई की बेटी यशोदा (6 वर्ष) और काब्या (3 वर्ष) छुट्टियों में वृंदावन से आई थीं।
छुट्टियां मनाने आईं बेटियां मौत के मुंह में समा गईं
वृंदावन के गौतमपाड़ा निवासी मोहनलाल की पत्नी अपनी दो बेटियों—छह वर्षीय यशोदा और तीन वर्षीय काव्या के साथ छुट्टियां बिताने ससुराल आई थीं। लेकिन किसी को क्या पता था कि ये छुट्टियां उनका जीवन ही छीन लेंगी। मिट्टी धंसते ही मकान भरभराकर गिरा और दोनों बच्चियां मलबे में दब गईं। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जीवनभर की कमाई हुई राख, आठ परिवार बेघर
इस हादसे ने आठ परिवारों को उजाड़ दिया। जिन मकानों को लोगों ने जीवनभर की मेहनत से बनाया था, वे कुछ ही सेकंड में जमींदोज हो गए। न सिर पर छत बची, न रोटी का साधन। गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। लोग अवाक हैं, बेसुध हैं—न कहीं ठौर है, न कोई उम्मीद।
जिलाधिकारी, एसएसपी व राहत दल मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर निगम आयुक्त और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF और NDRF की टीमें भी बुलाई गईं हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही हैं।
भीड़ नियंत्रण में जुटी पुलिस, आवागमन रोका गया
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मोर्चा संभालते हुए मार्गों को आवागमन के लिए बंद कर दिया और रेस्क्यू कार्य को सुचारु रूप से चलाने के लिए लोगों को हटाया गया।
विधायक श्रीकांत ने अस्पताल पहुंचकर दी सांत्वना
विधायक श्रीकांत शर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ितों से हादसे की जानकारी ली और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ राहत और पुनर्वास कार्य करेगा।