आगरा के बुर्जीवाला मंदिर में 27-28 को एकादशी उद्यापन, जुटेंगे छह राज्यों के सैकड़ों परिवार
आगरा में श्री अग्रवाल संघ के तत्वावधान में प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर पर तृतीय सामूहिक एकादशी उद्यापन का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें छह राज्यों के परिवार एक साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनेंगे।
आगरा। श्री अग्रवाल संघ की ओर से दो दिवसीय तृतीय सामूहिक एकादशी उद्यापन का आयोजन मोहिनी एकादशी के अवसर पर प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों में जुटे संघ पदाधिकारियों ने गुरुवार को बुर्जीवाला मंदिर हॉल में आमंत्रण-पत्र का विधिवत विमोचन किया।
संघ के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 और 28 अप्रैल को आयोजित इस सामूहिक उद्यापन में दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से आए दंपत्ति एक साथ एकादशी उद्यापन करेंगे। इस धार्मिक आयोजन में शहर की गणमान्य हस्तियों के साथ-साथ राष्ट्रीय संतों की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।
महामंत्री राजेश जिंदल और कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 27 अप्रैल को सुबह 8 बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद 9 बजे एकादशी कथा आयोजित की जाएगी। तत्पश्चात आरती और ब्राह्मण भोज का आयोजन होगा।
28 अप्रैल को प्रातः 9 बजे दीप प्रज्वलन, 10 बजे हवन-पूजन, 12 बजे आरती और दोपहर 1 बजे सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मंच पर राधा-कृष्ण की भव्य झांकी के दिव्य दर्शन होंगे तथा पूजा सामग्री के साथ लड्डू गोपाल जी की स्थापना की जाएगी।
एकादशी उद्यापन में भाग लेने के लिए मंदिर परिसर में पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक पंजीकरण करा रहे हैं।
इस अवसर पर गौरव बंसल, प्रदीप सिंघल, शशिकांत अग्रवाल, राजीव फैंसी, संतोष अग्रवाल, रवि शंकर बंसल, मोहनलाल गर्ग, रवि मंगल, दीपक अग्रवाल, हिमांशु गर्ग, संदीप अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, राजा अग्रवाल, राम अग्रवाल, अतुल गोयल, मयंक मंगल, संदीप गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।