सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए एकलव्य स्टेडियम आम खिलाड़ियों के लिए बंद रहेगा, आगरा में 1 से 19 अप्रैल तक होगी भर्ती, खेल हॉस्टल के ट्रायल और राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता यथावत
आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगामी एक से 19 अप्रैल तक खेल गतिविधियां बंद रहेंगी। 1 से 19 अप्रैल तक होने वाली सेना भर्ती प्रक्रिया के चलते स्टेडियम में खिलाड़ियों, सुबह-शाम अभ्यास करने वालों और शौकिया युवाओं की एंट्री पर रोक लग जाएगी। इस फैसले ने खेल जगत में हलचल मचा दी है, जहां एक ओर भर्ती की तैयारी तेज है, वहीं दूसरी ओर खिलाड़ियों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित होने के हालात बन गये हैं।
आगरा। शहर के प्रमुख खेल केंद्र एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगामी 1 अप्रैल से 19 अप्रैल तक अग्निवीर भर्ती आयोजित की जाएगी। इस बड़े आयोजन को देखते हुए स्टेडियम प्रशासन ने कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। अब यहां नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ी, फिटनेस के लिए आने वाले युवा और आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेना द्वारा भर्ती के लिए दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण इसी स्टेडियम में कराए जाएंगे। इसके चलते मैदान और आसपास के सभी प्रमुख हिस्सों को सेना के उपयोग के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।
हालांकि, खेल गतिविधियों को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। स्टेडियम में संचालित खेल हॉस्टल के ट्रायल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगे। इसके अलावा 3 से 6 अप्रैल तक प्रस्तावित राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता भी यथावत आयोजित की जाएगी। इसके लिए स्टेडियम प्रशासन ने सेना के अधिकारियों से विशेष अनुमति प्राप्त कर ली है।
लेकिन आम खिलाड़ियों और शौकिया अभ्यास करने वालों के लिए स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है- उन्हें स्टेडियम से दूर रहना होगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान नियमित अभ्यास नहीं कर पाएंगे।
25 मार्च से ही सेना ने स्टेडियम में अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेना के अधिकारियों ने स्थल का विस्तृत सर्वेक्षण कर लिया है और आवश्यक व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया जा चुका है। सेना के ट्रकों के जरिए उपकरण और सामग्री स्टेडियम परिसर में पहुंचनी शुरू हो गई है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि मैदान अब 19 अप्रैल तक पूरी तरह भर्ती प्रक्रिया के नियंत्रण में रहेगा।
स्टेडियम के भीतर टेबल टेनिस हॉल, ग्रीन रूम और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों को भी सेना द्वारा अपने कब्जे में कर लिया गया है। अनुमान है कि 1 अप्रैल से पहले ही खिलाड़ियों के लिए प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
इतना ही नहीं, 19 अप्रैल को भर्ती प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भी स्टेडियम तुरंत खाली नहीं होगा। सेना को अपने उपकरण और व्यवस्थाएं समेटने में अतिरिक्त समय लगेगा, जिसके चलते कुछ और दिनों तक स्टेडियम आम उपयोग के लिए बंद रह सकता है।