चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस कल, राहुल को जवाब और बिहार चुनाव की घोषणा संभव

देश में सियासी माहौल गरमा गया है क्योंकि निर्वाचन आयोग ने 17 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आयोग राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों का जवाब दे सकता है। साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आ सकता है।

Aug 16, 2025 - 18:41
 0
चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस कल, राहुल को जवाब और बिहार चुनाव की घोषणा संभव

नई दिल्ली। देश में सियासी पारा हाई है। जहां एक ओर बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, सपा समेत तमाम विपक्षी दल बीजेपी और निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने अचानक 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की घोषणा की है। यह प्रेस वार्ता राष्ट्रीय मीडिया सेंटर, नई दिल्ली में होगी।

निर्वाचन आयोग के महानिदेशक (मीडिया) के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस नई दिल्ली में राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में आयोजित की जाएगी। हालांकि किस संबंध में यह कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है, इसको लेकर आयोग ने कोई अपडेट नहीं दिया है। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि इस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब देगा। वहीं निर्वाचन आयोग बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा अपडेट शेयर कर सकता है।

राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी पार्टियों के नेताओं का आरोप है लोकसभा चुनाव 2024 और 2019 में चुनाव आयोग ने कई योग्य वोटरों का नाम लिस्ट से काट दिया और फर्जी लोगों के नाम जोड़े गए। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर बीजेपी के साथ मिलकर धांधली का आरोप लगाया है।

बिहार की मतदाता सूची संसोधन मामले पर घमासान छिड़ा हुआ है। राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा यह काम बिहार में मतदाताओं को वोट देने से रोकने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस नेता 17 अगस्त से बिहार में' वोट अधिकार यात्रा' भी शुरू करेंगे। सासाराम से इस यात्रा की शुरुआत होगी और इसका समापन एक सितंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘वोटर अधिकार रैली' के साथ होगा।