मोदी सरकार के 11 साल: आगरा में भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशाला, घर-घर पहुंचेंगी केंद्र की योजनाएं

आगरा। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा महानगर की ओर से शुक्रवार को विजय क्लब, विजय नगर में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष थीम पर आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने की, जबकि प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि मुख्य अतिथि रहे।

Jun 6, 2025 - 20:09
 0
मोदी सरकार के 11 साल: आगरा में भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशाला, घर-घर पहुंचेंगी केंद्र की योजनाएं
विजय क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशाला में बोलते महानगर भाजपा के अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता। मंचस्थ हैं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं अन्य वरिष्ठ नेता।

भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में देश को नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिलना सौभाग्य की बात है। भाजपा कार्यकर्ताओं से उन्होंने आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं और संवाद के माध्यम से समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ें।

हर मंडल में होगा योग दिवस का आयोजन

अमित वाल्मीकि ने बताया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा द्वारा हर मंडल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, लाभार्थियों को कार्यक्रमों में आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा करवाने की योजना भी बनाई गई है।

अमृतकाल में विकसित भारत की नींव रख चुकी है मोदी सरकार

महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संवाद स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं से देश के करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है। आयुष्मान भारत योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज मिला। एम्स की संख्या 1 से बढ़कर 22 तक पहुंची। श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का जीर्णोद्धार और आगामी महाकुंभ जैसे आयोजनों से उत्तर प्रदेश की वैश्विक छवि सशक्त हुई है। देश की सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की।

बूथ स्तर तक अभियान को मज़बूती देने पर ज़ोर

विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी प्रतिबद्धता से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत आज हर क्षेत्र में परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, और यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है।

कार्यशाला में ये भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, अवधेश रावत, राहुल सागर, हेमंत भोजवानी, रश्मि धाकड़, अभिषेक गुप्ता, रोहित कत्याल, विक्रांत तिवारी, उपमा गुप्ता, शिवकुमार माहौर, विजय भदौरिया, नीरज गुप्ता, महेश शर्मा, प्रवीणा राजावत, करुणा निधि गर्ग सहित सभी मंडल अध्यक्ष व शक्ति केंद्र संयोजक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor