आगरा के जैन मंदिर में वैराग्य नाटक की भावनात्मक प्रस्तुति, बच्चों की जीवंत अदाकारी

आगरा। शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर-7 आवास विकास कॉलोनी सिकंदरा में पर्युषण महापर्व के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म के अवसर पर भक्ति और संस्कृति से परिपूर्ण विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। वैराग्य नाटक की भावनात्मक प्रस्तुति में बच्चों की जीवंत अदाकारी देखने को मिली।

Sep 1, 2025 - 12:27
 0
आगरा के जैन मंदिर में वैराग्य नाटक की भावनात्मक प्रस्तुति, बच्चों की जीवंत अदाकारी
आगरा के सेक्टर सात आवास विकास कालोनी स्थित जैन मंदिर में मंचित नाटक वैराग्य का एक दृश्य।

मंदिर में दिन की शुरुआत भगवान श्री शांतिनाथ जी के अभिषेक से हुई, जिसे चार महानुभावों ने सम्पन्न किया। चारों इन्द्रों द्वारा रजत मुकुट और माला धारण कर रजत झारियों से पांडुक शिला पर विराजमान श्री पद्म प्रभु भगवान की शांति धारा की गई। इसके साथ ही अस्सी पुजारियों ने श्री चंद्रप्रभु भगवान का अभिषेक कर वातावरण को मंगलमय बना दिया।

पूजा-विधि का संचालन पंडित अंशुल जैन शास्त्री मथुरा ने किया। उन्होंने प्रवचन में आत्मा की शुद्धि और सम्यग्दृष्टि की महत्ता बताते हुए कहा कि जैसे अमूल्य रत्न गंदी नाली में गिर जाए तो कोई भी उसे छोड़ता नहीं है, उसी प्रकार आत्मा की शुद्धि की प्राप्ति के लिए शरीर को तिरस्कृत न कर बाह्योपचार करना आवश्यक है। ज्ञानी पुरुष रोगियों या कुष्ठ पीड़ित व्यक्तियों को देखकर भी उनके प्रति घृणा नहीं करते।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री राजेश जैन, मंत्री श्री विजय जैन निमोरब और कोषाध्यक्ष श्री मगन चंद जैन ने चित्र अनावरण और आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्री शांतिनाथ पाठशाला के छोटे-छोटे बच्चों ने अंकलन निलंकन जीवन पर आधारित नाटिका और भगवान जम्बू स्वामी के वैराग्य जीवन पर भावनात्मक नाटक प्रस्तुत किया। उस समय की पृष्ठभूमि को जीवंत करते हुए बच्चों ने बताया कि बौद्ध धर्म के प्रभाव के समय जैन विद्यार्थी वेश बदलकर गुरुकुल में प्रवेश लेते थे। महिला और बच्चों की सजीव प्रस्तुति से पूरा समाज भावविभोर हो उठा।

कार्यक्रम संयोजक कौमी जैन और मनोज जैन थे। मंदिर प्रबंध समिति और सकल जैन समाज से राजेश बैनाड़ा, विजय जैन निमोरब, मगन कुमार जैन, महेश चंद जैन, अनिल आदर्श जैन, अरुण जैन, सतीश जैन, राजेंद्र जैन, दिलीप जैन, राकेश जैन, मनोज जैन, जितेश जैन, आलोक जैन, मोहित जैन, विपुल जैन, प्रशांत जैन, दीपक जैन, दिपेश जैन तथा मीडिया प्रभारी राहुल जैन मौजूद रहे।

मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने बताया कि कल सुबह 7:30 बजे से उत्तम सत्य धर्म की पूजा, अभिषेक, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।

SP_Singh AURGURU Editor