आगरा में खड़वाई नहर पर एनकाउंटरः रुनकता में वृद्धा की हत्या के आरोपी को लगी गोली, गिरफ्तार

-रुनकता से सौरभ सिंह- आगरा। जब पूरा शहर दीपावली की रोशनी में जश्न मना रहा था, तब रुनकता चौकी पुलिस ने अपराध के अंधेरे पर वार किया। दिवाली की रात खड़वाई चौराहे के पास मुठभेड़ में बुज़ुर्ग महिला की निर्मम हत्या के फरार आरोपी इमरान उर्फ़ नोक को पुलिस ने गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

Oct 22, 2025 - 14:06
 0
आगरा में खड़वाई नहर पर एनकाउंटरः रुनकता में वृद्धा की हत्या के आरोपी को लगी गोली, गिरफ्तार
आगरा में खड़वाई नहर पर दीवाली की रात हुए एनकाउंटर में गिरफ्तार रुनकता में वृद्धा की हत्या का आरोपी इमरान उर्फ नोक पुलिस के कब्जे में।

सिकंदरा थाना क्षेत्र में खड़वाई चौराहे से नहर की पटरी की ओर चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वृद्धा हत्याकांड का आरोपी इमरान उर्फ़ नोक इलाके में दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही एसीपी हरीपर्वत के निर्देशन में रुनकता चौकी प्रभारी नीलेश शर्मा, उप निरीक्षक अंकित तोमर, विकास कुमार (प्राची टॉवर) और अभिषेक डगर (शास्त्रीपुरम) की टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर दी।

खुद को घिरा देखकर इमरान ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली इमरान के पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में लेकर घायल अवस्था में अस्पताल भिजवाया।

मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक नाल में फंसा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया है।

यह वही इमरान उर्फ़ नोक है जिसने कुछ दिन पहले रुनकता के मोहल्ला व्यापारियान में 70 वर्षीय महिला फ़िरदौस पत्नी नवाबुद्दीन की गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। बताया जाता है कि यह खौफनाक वारदात बच्चों के मामूली झगड़े का बदला थी, जिसने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया था।

आरोपी की गिरफ्तारी पर एसपी सिटी ने टीम को शाबाशी दी। फिलहाल आरोपी का इलाज जारी है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor