"बायोएक्सीलरेट 2025" में उत्साह और उमंग, आगरा कॉलेज में आयोजन

 आगरा। आगरा कॉलेज के बायोटेक्नोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक एवं गेट-टुगेदर पार्टी "बायोएक्सीलरेट" उल्लास, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुई। इस खास अवसर पर बी.एस.सी. बायोटेक्नोलॉजी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के ज़रिए मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 

Apr 10, 2025 - 15:47
 0
"बायोएक्सीलरेट 2025" में उत्साह और उमंग, आगरा कॉलेज में आयोजन
आगरा कॊलेज में गुरुवार को आयोजित बायोएक्सीलरेट 2025 में मां सरस्वती के समक्ष दीप जलाते प्राचार्य प्रो. सीके गौतम। 

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या और विभाग के अन्य प्राध्यापकगण डॉ. ए. के. उपाध्याय, डॉ. नीता, डॉ. दिव्या, डॉ. प्रशांत, एवं डॉ. यशस्विता ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया।

सम्मान एवं पुरस्कार वितरण

सेशन के दौरान विभागीय विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और विशेष गुणों के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया- विवेक चौहान- सर्वश्रेष्ठ छात्र, प्रियांशु- सर्वश्रेष्ठ छात्रा, हर्षिता-सबसे आज्ञाकारी छात्रा, हिमांशी-मोस्ट रेगुलर छात्रा, जतिन-मिस्टर फेयरवेल, आफिया-मिस फेयरवेल।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

कार्यक्रम में तनु बघेल का "कान्हा सोजा ज़रा" पर भावपूर्ण नृत्य, कामिनी एवं समूह का "कजरारे" पर धमाकेदार प्रस्तुति, मोहित का "देसी लड़कों" पर एनर्जेटिक डांस, दीक्षा एवं तनु का "घूमर" पर पारंपरिक नृत्य, कृतिका एवं अनुष्का का समूह नृत्य और रोहित की शायरी आदि विविध प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन श्रद्धा और फ़राज़ ने किया। इस मौके पर डॉ. पी. बी. झा, डॉ. वी. के. सिंह, डॉ. के. के. सिंह, डॉ. संध्या यादव, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. रचना सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, श्री अश्विनी, श्री शशिकांत, और श्री अनिल जैसे विशिष्टजनों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम की सफलता में कामिनी, सलोनी, वैष्णवी, दीक्षा, यश, कौशल सहित कई विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।

आगरा कॊलेज के हिंदी विभाग में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. सीके गौतम का स्वागत करते विभाग के शिक्षक। 

आगरा कॉलेज के हिंदी विभाग में प्रिंसिपल प्रोफेसर गौतम का स्वागत

आगरा कॉलेज, आगरा के हिंदी विभाग में नवनियुक्त प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम का गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं स्वागत शब्दों के माध्यम से प्राचार्य का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. सुनीता रानी घोष, ममता सिंह, शेफाली चतुर्वेदी, वंदना जी, प्रो. संध्या यादव, प्रो. सुनीता द्विवेदी, प्रो. चंद्रशेखर शर्मा, मुख्य प्रानुशासक प्रो. विजय कुमार सिंह, प्रो. उमाकांत चौबे, प्रो. भूपाल सिंह, राम प्रकाश पाल, सीताराम एवं अनेक शोध छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी विभाग को यह गौरव प्राप्त है कि यह आगरा कॉलेज का सबसे पुराना विभाग है। उन्होंने विभाग की समृद्धि हेतु पुस्तकों की संख्या में वृद्धि, विभागीय पुस्तकालय की स्थापना और शोध कार्यों की गुणवत्ता में सुधार का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को अधिकतम समय देकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्रत्येक प्राध्यापक का दायित्व है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे एकजुट होकर महाविद्यालय की खोई हुई प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित करने में सहयोग करें।

इस अवसर पर डॉ. सुनीता रानी घोष ने प्राचार्य का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि विभाग सदैव महाविद्यालय की गरिमा को ऊँचाई देने हेतु तत्पर रहेगा। 

SP_Singh AURGURU Editor