वृंदावन से आगरा तक पदयात्रा में गूंजेगा सनातन शंखनाद, धीरेंद्र शास्त्री समेत अनेक संतों को आमंत्रण
आगरा। देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण, गौ-रक्षा और सामाजिक चेतना को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से सनकादिक सेवा ट्रस्ट द्वारा वृंदावन से आगरा तक सनातन जन-जागरण एकता पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हजारों साधु-संतों, धर्माचार्यों और सनातन अनुयायियों की सहभागिता वाली यह पदयात्रा 4 फरवरी से 8 फरवरी तक निकाली जाएगी।
मीशेश्वर धाम के पीठाधीश्वर डॉ. विनितानंद आचार्य ने बताया कि पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पदयात्रा में शामिल होने के लिए धीरेंद्र शास्त्री, अनिरुद्धाचार्य महाराज, देवकी नंदन ठाकुर, पुंडरीक गोस्वामी, विनोद बाबा और सुतीक्ष्ण महाराज को आमंत्रण दिया गया है।
यह पांच दिवसीय पदयात्रा वृंदावन स्थित कात्यायनी माता मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा जय गुरुदेव, बरारी गांव स्थित मां की रसोई, रैपुरा जाट के श्री राधा-कृष्ण मंदिर होते हुए आगरा पहुंचेगी। आगरा में अरतौनी स्थित श्री हनुमान मंदिर पर विश्राम एवं जनसंवाद के बाद 8 फरवरी को राजपुर चुंगी स्थित श्री राजेश्वर महादेव मंदिर पर पदयात्रा का समापन होगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र गोयल और कार्यक्रम समन्वयक अमन शुक्ला ने बताया कि पदयात्रा के दौरान पांच प्रमुख संकल्प लिए जाएंगे। इनमें देश में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, ब्रज क्षेत्र में मांस एवं मदिरा की बिक्री पर रोक, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा, विद्यालयों में संस्कृत भाषा एवं श्रीमद्भागवत गीता का अनिवार्य अध्ययन तथा सनातन मूल्यों की पुनः स्थापना शामिल हैं।