हर घर तिरंगा अभियानः भाजपा ने शहीद प्रतिमा की सफाई की, सांसद नवीन जैन ने फहराया तिरंगा
आगरा। स्वतंत्रता दिवस जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, आगरा में देशभक्ति का उत्साह चरम की ओर बढ़ रहा है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा विभिन्न मंडलों में महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान और माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, हर घर तिरंगा अभियान के तहत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता को नमन किया।
भाजपा का स्वच्छता एवं माल्यार्पण अभियान
भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान और माल्यार्पण कार्यक्रम चलाया। इसी क्रम में आगरा छावनी विधानसभा के रावली मंडल में माल रोड स्थित स्वतंत्रता सेनानी और शहीद अशफाक उल्ला खां की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि एवं महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान सदैव वंदनीय है। हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ हमें आने वाली पीढ़ियों को उनके शौर्य और बलिदान की कहानियां सुनाकर प्रेरित करना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद नवीन जैन का ‘हर घर तिरंगा’ में योगदान
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आगरा से राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी संग अपने निज निवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, एकता और बलिदान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान राष्ट्रभक्ति की अलख जगा रहा है और हर भारतीय को अपने घर-आंगन में तिरंगा फहराकर इसमें भाग लेना चाहिए।
सांसद ने तिरंगे के सम्मान और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया और सभी नागरिकों से इसमें जुड़ने का आह्वान किया।