ईमानदारी की मिसाल: ऑटो चालक मुकेश ने लौटाया छूटा पार्सल, टीम एसओएस का सराहनीय कार्य
आगरा। सच्चाई और जिम्मेदारी आज भी जीवित हैं। इसका उदाहरण तब देखने को मिला जब ऑटो चालक मुकेश ने एक सवारी का छूटा पार्सल सुरक्षित पुलिस चौकी तक पहुंचाकर समाज में ईमानदारी की मिसाल कायम की।
बीती रात रामबाग चौराहा पर एक सवारी उतरने के बाद उसका पार्सल गलती से ऑटो में छूट गया। ऒटो चालक मुकेश ने काफी देर तक सवारी का इंतजार किया, पर जब वह लौटकर नहीं आई, तो उन्होंने बिना देर किए वह पार्सल देहली गेट पुलिस चौकी पर जमा करा दिया।
यह सराहनीय कार्य टीम एसओएस, राजा मंडी स्टेशन के धीरज बघेल की मौजूदगी में संपन्न हुआ। टीम के सदस्यों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पार्सल को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में रखवाया, ताकि वह वास्तविक मालिक तक पहुंच सके।
टीए एसओएस के इस कार्य ने न केवल पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास को और मजबूत किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि समाज में जब ईमानदारी नेतृत्व का आधार बनती है, तो हर स्तर पर नैतिकता और जिम्मेदारी एक परंपरा के रूप में विकसित होती है।
यह वही भावना है जो एसओएस टीम के संस्थापक एवं हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर स्टडीज़ के निदेशक डॉ. नवीन गुप्ता के मार्गदर्शन में निरंतर जीवित है। डॉ. गुप्ता के नेतृत्व में संस्था से जुड़े सभी सदस्य समाज में सकारात्मकता, पारदर्शिता और विश्वास को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।
ऐसे कार्य यह संदेश देते हैं कि ईमानदारी सिर्फ एक गुण नहीं, बल्कि समाज की आत्मा है, और जब एक साधारण ऑटो चालक इसे निभाता है, तो वह असाधारण बन जाता है।