मानवता की मिसाल: आगरा में प्रयास फाउंडेशन ने भटकी मां को उसके बेटे से मिलाया
आगरा। मानव सेवा और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों ने आज भटकती हुई एक महिला को उसके बेटे से सुरक्षित मिलाकर एक भावुक कर देने वाला उदाहरण पेश किया। मां को सकुशल पाकर बेटे की आंखें भर आईं और उसने प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
फाउंडेशन के सदस्य राजीव गुप्ता को आज सुबह करीब 7:30 बजे बल्केश्वर मंदिर मार्ग पर एक महिला परेशानी की हालत में भटकती हुई मिलीं। पूछताछ करने पर वह केवल अपना नाम श्रीमती स्नेहलता गुप्ता बता पा रही थीं। स्थिति को समझते हुए राजीव गुप्ता ने तुरंत फाउंडेशन के अन्य सदस्यों को सूचना दी और महिला को पास बैठाकर सांत्वना दी। साथ ही उनके लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई।
प्रयास फाउंडेशन ने महिला के भटक जाने की जानकारी विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा की और कमला नगर थाना को भी तत्काल सूचित किया। करीब चार घंटे बाद न्यू सरस्वती नगर, बल्केश्वर निवासी महिला के बेटे को व्हाट्सएप के माध्यम से मां के मिलने की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने तुरंत फाउंडेशन से संपर्क किया।
मां को सुरक्षित देखकर बेटे की आंखों से आंसू छलक पड़े। प्रयास फाउंडेशन ने सभी औपचारिकताओं के बाद महिला को उसके बेटे के सुपुर्द कर दिया। बेटे ने बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं रहती है। वह बच्चे को स्कूल छोड़ने गया था, उसी दौरान मां घर से निकल गईं और रास्ता भटक गईं।
इस मानवीय कार्य में पूर्व पार्षद गिर्राज बंसल, कृष्ण कुमार अग्रवाल ‘गुड्डू’, संदीप वर्मा, विशेष शर्मा और पारस अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
प्रयास फाउंडेशन द्वारा किया गया यह कार्य न केवल एक परिवार को मिलाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश देता है।