खिले चेहरे, बाह–फतेहाबाद से गुजरी नई सुपरफास्ट ट्रेन, सांसद राजकुमार चाहर ने दिखाई हरी झंडी

फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में रेल सुविधा को बढ़ावा देते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने मऊ से वडोदरा जाने वाली सुपरफास्ट साप्ताहिक ट्रेन को बाह और फतेहाबाद से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही बटेश्वर स्टेशन के आधुनिकीकरण, इंटरसिटी ट्रेन और नए आरक्षण काउंटर जैसी कई विकास योजनाओं की भी घोषणा की गई।

Apr 13, 2026 - 19:34
 0
खिले चेहरे, बाह–फतेहाबाद से गुजरी नई सुपरफास्ट ट्रेन, सांसद राजकुमार चाहर ने दिखाई हरी झंडी
फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर सुपर फास्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा। आगरा के फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को नई दिशा देते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने ट्रेन संख्या 09196/09195 मऊ–वाराणसी–प्रयागराज–वडोदरा प्रतापनगर सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस को बाह और फतेहाबाद रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित रेल सुविधा को साकार करने वाली मानी जा रही है।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सांसद स्वयं बाह स्टेशन से जनरल कोच में सवार होकर फतेहाबाद तक यात्रा करते हुए पहुंचे। इससे उन्होंने आम यात्रियों की सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया और लोगों के साथ संवाद भी किया। फतेहाबाद पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।

क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से बाह और फतेहाबाद क्षेत्र के यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिल गया है। खासकर गुजरात, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए सफर करने वाले यात्रियों को अब कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सांसद ने लोगों से अपील की कि वे इस ट्रेन का अधिकतम उपयोग करें, ताकि इसे भविष्य में स्थायी रूप से चलाया जा सके।

सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि यह कदम बाह और फतेहाबाद क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने लोकसभा में मजबूती से उठाया था और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ लगातार संवाद के बाद यह सेवा शुरू हो सकी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के हर नागरिक को बेहतर रेल सुविधा देना उनका संकल्प है और भविष्य में और ट्रेनों के संचालन के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

विकास योजनाओं की भी घोषणा

सांसद ने इस मौके पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि बटेश्वर रेलवे स्टेशन का लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जाएगा। बाह से दिल्ली तक इंटरसिटी ट्रेन चलवाने का प्रयास किया जा रहा है। फतेहाबाद में रेलवे आरक्षण काउंटर खोलने का भी प्रस्ताव है। साथ ही आगरा–टूंडला–इटावा रूट की ट्रेनों को फतेहाबाद–बाह मार्ग से संचालित कराने की पहल जारी है। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल को लोकसभा में उठाई गई मांग पर अब सकारात्मक कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आगरा गगन गोयल, मंडल वाणिज्य प्रबंधक (DCM) बीके चौहान, एडीएसटीईडी मनीष मिश्रा, एडीईएन ट्रैक संदीप दुबे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व विधायक मधूसुदन शर्मा, जितेंद्र वर्मा, सुग्रीव चौहान, नितिन वर्मा, प्रदीप भाटी, परमवीर चाहर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।