पोषण पोटली पाकर खिले दृष्टिहीनों के चेहरे, आगरा में मुस्कान फैमिली का सेवा संकल्प
आगरा। सेवा, सम्मान और संवेदना का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मुस्कान फैमिली की ओर से शुक्रवार को सुराना भवन, न्यू राजामंडी पर दृष्टिहीनों को निशुल्क पोषण पोटली का वितरण किया गया। इस अवसर पर 61 जरूरतमंद नेत्रहीनों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई।
मुस्कान फैमिली की संचालिका श्रीमती रश्मि मगन ने बताया कि एक-एक पोषण पोटली में एक माह के लिए आवश्यक सामग्री जैसे- चार तरह की दालें, बेसन, चीनी, हल्दी, बिस्कुट व चॉकलेट के पैकेट, टूथपेस्ट, टूथब्रश, फ्रूटी पैकिट, साबुन तथा रोजमर्रा का कोई उपयोगी सामान शामिल था। साथ ही सभी लाभार्थियों को विशेष रूप से पेठे का डिब्बा भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी दृष्टिहीनों के लिए स्वादिष्ट नाश्ते की भी विशेष व्यवस्था की गई। मुस्कान फैमिली की सदस्याओं ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य दृष्टिहीनों का आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान बनाए रखना है।
सुराना भवन, राजामंडी में प्रत्येक माह की 8 तारीख को सुबह 9 बजे यह सेवा नियमित रूप से की जाती है। जरूरतमंद दृष्टिहीनों की जानकारी 9837077699 पर दी जा सकती है।