फर्जी लोन ऐप का खतरनाक जाल: आगरा में युवक को अश्लील फोटो वायरल की धमकी देकर ठगा गया, मानसिक रूप से तोड़ दिया

आगरा। शहर के विजय नगर कॉलोनी से साइबर ठगी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें फर्जी लोन के नाम पर एक युवक को न केवल आर्थिक रूप से ठगा गया, बल्कि अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से बुरी तरह तोड़ दिया गया। यह घटना साइबर अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और आम लोगों की डिजिटल असुरक्षा की गंभीर तस्वीर पेश कर रही है।

Apr 1, 2026 - 19:20
 0
फर्जी लोन ऐप का खतरनाक जाल: आगरा में युवक को अश्लील फोटो वायरल की धमकी देकर ठगा गया, मानसिक रूप से तोड़ दिया
युवक अभिषेक आर्य अपने साथ हुई ठगी के बारे में जानकारी देते हुए।

घटना 17 मार्च की है, जब विजय नगर कॉलोनी निवासी युवक अभिषेक आर्य के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को किसी लोन एजेंसी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसके नाम पर लोन चल रहा है, जिसे तुरंत चुकाना होगा, अन्यथा पुलिस कार्रवाई के साथ घर पर आकर प्रताड़ित किया जाएगा।

अचानक आई इस धमकी से घबराए अभिषेक ने कॉलर के निर्देशों का पालन किया और ‘मोबाइल लाइन फ्लेक्स’ नामक ऐप डाउनलोड कर लिया। लोन की जानकारी देखने के बहाने उसने ऐप को कई संवेदनशील परमिशन दे दीं। लेकिन ऐप खोलने पर सामने आया कि उसके नाम पर कोई लोन नहीं था, बल्कि उसके खाते में 2400-2400 रुपये की कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन आने लगीं।

यहीं से ठगी का असली खेल शुरू हुआ। ठगों ने दबाव बनाते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर 2400 रुपये के बदले 4000 रुपये लौटाने होंगे। डर के माहौल में अभिषेक ने पैसे लौटा दिए। इसके बाद उसके खाते में 5500 रुपये और भेजे गए और उन्हें भी वापस करने के लिए कहा गया। मानसिक दबाव में आकर उसने यह राशि भी चुका दी।

लेकिन ठगों की मांग यहीं नहीं रुकी। इसके बाद 8700 रुपये की नई मांग के लिए लगातार कॉल आने लगे। जब अभिषेक ने पैसे देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने उसकी निजी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील बनाकर रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दे डाली। इस धमकी ने उसे पूरी तरह से तोड़ दिया और वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि अभिषेक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। अंततः 31 मार्च को परिजनों ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित अभिषेक आर्य ने मीडिया से बातचीत में बताया कि एक छोटी सी गलती- अनजान ऐप डाउनलोड करना उसे मानसिक रूप से कितना भारी पड़ गया। यह घटना शहरवासियों के लिए एक चेतावनी है कि किसी भी अनजान कॉल, ऐप या लिंक पर बिना जांच के भरोसा करना कितना खतरनाक हो सकता है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor