आगरा में नकली कारोबार का बम, सुप्रीम ब्रांड के नाम पर बिक रहे थे फर्जी पीवीसी पाइप, आरोपी हिरासत में

आगरा। ताजनगरी एक बार फिर नकली सामान के गढ़ के रूप में सुर्खियों में है। कभी नकली दवाइयां, कभी जूते और वायर और अब सामने आया है नकली पीवीसी पाइप का बड़ा रैकेट। छत्ता थाना क्षेत्र की पुलिस ने शुक्रवार को एक नामी ब्रांड ‘सुप्रीम’ के नाम पर नकली पाइप बेचने वाले दुकानदार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 143 बंडल नकली पाइप बरामद किए हैं।

Nov 8, 2025 - 11:15
 0
आगरा में नकली कारोबार का बम, सुप्रीम ब्रांड के नाम पर बिक रहे थे फर्जी पीवीसी  पाइप, आरोपी हिरासत में
इमेज फोटो

आगरा। ताजनगरी एक बार फिर नकली सामान के गढ़ के रूप में सुर्खियों में है। कभी नकली दवाइयां, कभी जूते और वायर और अब सामने आया है नकली पीवीसी पाइप का बड़ा रैकेट। छत्ता थाना क्षेत्र की पुलिस ने शुक्रवार को एक नामी ब्रांड ‘सुप्रीम’ के नाम पर नकली पाइप बेचने वाले दुकानदार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 143 बंडल नकली पाइप बरामद किए हैं।

कैसे हुआ भंडाफोड़

जानकारी के अनुसार, मै. सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड की अधिकृत प्रतिनिधि रचना कपूर को गुप्त सूचना मिली कि बेलनगंज स्थित मै. श्री पार्श्वनाथ पाइप स्टोर का मालिक आकाश जैन कंपनी के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल कर रहा है। इस सूचना पर रचना कपूर अपने सहयोगी अमित दूबे और पुलिस टीम के साथ दुकान पर पहुंचीं। छापेमारी में वहां ‘सुप्रीम’ नाम की मार्किंग वाले बड़ी मात्रा में नकली पाइप मिले।

बरामदगी का ब्योरा

जांच में दुकान से 143 बंडल नकली पाइप बरामद किए गए। जिसमें आधा इंच के 57 बंडल, पौना इंच के 23 बंडल, एक इंच के 53 बंडल और सवा इंच के 10 बंडल शामिल हैं।  जब पुलिस ने बिल, खरीद रसीद या कंपनी से जुड़ा कोई प्रमाण मांगा, तो दुकानदार कोई दस्तावेज़ पेश नहीं कर सका।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी आकाश जैन को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और समस्त माल को सील कर जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा नेटवर्क असली ‘सुप्रीम’ ब्रांड की नकल कर नकली पाइप बाजार में सप्लाई कर रहा था। इस वजह से कंपनी की साख और सरकार दोनों को आर्थिक नुकसान हो रहा था। छत्ता थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली माल कहां से तैयार होकर आ रहा था और किन-किन बाजारों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।