शादी में गया परिवार, पीछे से लाखों का सफाया, बंद मकान का ताला काटकर चोरों ने उड़ाए सोने–चांदी के जेवर और नकदी
आगरा। थाना एकता क्षेत्र के गांव नगला अरहर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित नाथूराम राजपूत अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर पूरे घर को खंगाल डाला।
आगरा। थाना एकता क्षेत्र के गांव नगला अरहर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित नाथूराम राजपूत अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर पूरे घर को खंगाल डाला।
पीड़ित नाथूराम के अनुसार चोर देर रात उसके घर पहुंचे और मुख्य गेट के नीचे का हिस्सा काटकर घर के अंदर दाखिल हो गए। अंदर जाकर चोरों ने तीन अलमारियों को तोड़ कर उनमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ किया।
सोने–चांदी के जेवरात व 1.50 लाख नकद ले उड़े
चोरों ने घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख 50 हजार रुपये नगद उड़ा लिए। वारदात इतनी सफाई से की गई कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। जब परिवार के सदस्य शादी से लौटे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि गेट टूटा हुआ है और अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा है। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और जेवर व नकदी पूरी तरह गायब थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
सूचना पाकर थाना एकता पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट, एंट्री पॉइंट व अलमारियों की स्थिति की जांच की। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
गांव में बढ़ी दहशत
वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।