आगरा के बिलाल हत्याकांड का एक और आरोपी फऱमान भी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में घायल

आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में विगत 20 जून को हुई युवक बिलाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार तड़के फरमान नाम के एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी फरमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा। फरमान के पैर में पुलिस की गोली लगी है। घायल होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Jun 24, 2025 - 09:11
 0
आगरा के बिलाल हत्याकांड का एक और आरोपी फऱमान भी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में घायल
ताजगंज थाना क्षेत्र बिलाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस की गिरफ्त में।

-गिरफ्तार अभियुक्त फरमान है, गला रेतकर युवक की हत्या की थी, चाकू-तमंचा बरामद

पुलिस को इनपुट मिला था कि बिलाल हत्याकांड का आरोपी फरमान नौफरी जंगल क्षेत्र में कहीं छिपा है और फरारी की तैयारी में है। मंगलवार तड़के जब पुलिस की टीम सघन चेकिंग कर रही थी, तभी फरमान ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जोनल पार्क के पास मिली थी बिलाल की लाश

फरमान जिस हत्याकांड में पकड़ा गया है, वह घटना 20 जून की रात की है, जब ताजगंज क्षेत्र के जोनल पार्क के पास एक युवक का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान बिलाल के रूप में हुई, जो जगदीशपुरा क्षेत्र का रहने वाला था। हत्या की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। बिलाल ऒटो चालक था और उसकी हत्या बेहद निर्ममता से की गई थी।

तीन थे हत्याभियुक्त, दो गिरफ्तार

हत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि इस वारदात में तीन लोग आमिर, फरमान और लकी शामिल थे। आमिर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जबकि फरमान को अब पकड़ लिया गया है। लकी की तलाश जारी है।

लव ट्रायंगल में बिलाल की हत्या की गई थी, जिसमें उसकी कथित प्रेमिका ईशा का भी नाम आ रहा है। फरमान ने ईशा के कहने पर ही बिलाल की हत्या का प्लान बनाया और अपने साथियों के साथ उसे अंजाम दिया।

तीसरा आरोपी अब भी फरार

फरमान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, एक चाकू और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। अब इस हत्याकांड का तीसरा आरोपी लकी अभी भी फरार है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

एसीपी ताजगंज बोले – ऑपरेशन जारी

एसीपी ताजगंज ने बताया, यह हत्या पूरी योजना के तहत की गई थी। फरमान वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था, लेकिन आज मुठभेड़ में पकड़ लिया गया। ऑपरेशन जारी है और हम जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor