किसान की अपने ही घर में संदिग्ध हालात में मौत, दो दिन बाद दी हत्या की आशंका की तहरीर
किरावली (आगरा)। मिढाकुर क्षेत्र के कराहरा गांव में बीते मंगलवार सुबह एक किसान की अपने ही घर के कमरे में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय बनवीर सिंह पुत्र जल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने मौत के दो दिन बाद हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे तक बनवीर पड़ोसियों से बातचीत करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। इस बीच, देर रात किसी से फोन पर बातचीत भी हुई थी। सोमवार को उनकी पत्नी दवा के लिए आगरा गई थीं और रात को आगरा में ही रुक गई थीं।
मंगलवार सुबह जब पत्नी गांव में अपने घर लौटी तो देखा कि पति का शव जमीन पर पड़ा है। गले और हाथों पर चोट के निशान थे और पैरों में चप्पलें भी पहनी हुई थीं। यह देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है। बनवीर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बुधवार को परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाना किरावली में तहरीर दी। सवाल यह है कि परिजनों को हत्या की आशंका थी तो मंगलवार को ही पुलिस को क्यों सूचित नहीं किया गया। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया होता तो मौत की वजह भी सामने आ जाती। फिलहाल पुलिस ने इस तहरीर पर अभी केस द्रर्ज नहीं किया है।