पिनाहट के पुरा जवाहर में किसान–श्रमिक चौपालः सांसद राज कुमार चाहर ने किया सीधा संवाद, जी-राम-जी से एमएसपी तक गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

पिनाहट (आगरा)। पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के गांव पुरा जवाहर में बृहस्पतिवार की रात आयोजित किसान–श्रमिक चौपाल में क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों की खासी मौजूदगी रही। चौपाल के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा सांसद राजकुमार चाहर रहे। उन्होंने चौपाल को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास और किसान हितों से जुड़े कार्यों को विस्तार से रखा।

Jan 22, 2026 - 23:06
 0
पिनाहट के पुरा जवाहर में किसान–श्रमिक चौपालः सांसद राज कुमार चाहर ने किया सीधा संवाद, जी-राम-जी से एमएसपी तक गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

सांसद ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए सरकार ने जी-राम-जी विधेयक के माध्यम से किसानों और श्रमिकों के जीवन में ठोस बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा में भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई गई है और गांवों के विकास को गति देने के लिए श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर सवा सौ दिन तक रोजगार का लाभ देने जैसे सुधार किए गए हैं। इससे खेत-खलिहान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा फायदा मिल रहा है।

एमएसपी, फसल मूल्य और पशु समस्या पर बोले सांसद

सांसद राजकुमार चाहर ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में एमएसपी लगातार बढ़ी है। गोस्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का श्रेय भी उन्होंने केंद्र सरकार को दिया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले बाजरा बाजार में औने-पौने दामों पर बिकता था, लेकिन आज किसानों को बाजार मूल्य से करीब 800 रुपये अधिक दाम मिल रहा है, जो सरकार की स्पष्ट रणनीति का परिणाम है।

आवारा पशुओं के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि इस समस्या में लगभग 90 प्रतिशत तक कमी आई है। शेष समस्याओं के समाधान के लिए भी सरकार निरंतर काम कर रही है।

किसानों ने रखीं समस्याएं, मिला समाधान का आश्वासन

चौपाल के दौरान किसानों ने सिंचाई, बिजली, खाद–बीज, फसल बीमा और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं। सांसद ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल अमल के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की हर जायज समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाह, एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार, नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष मौजूद रहे।
चौपाल के स्वागतकर्ता कप्तान सिंह वर्मा, जितेंद्र वर्मा, नितिन वर्मा, गजेंद्र सिंह वर्मा, कमल किशोर, अजय वर्मा, शंकर फौजी, रंजीत बघेल, रविन्द्र बघेल रहे, जबकि संचालन अजब सिंह वर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीण और किसान संतुष्ट नजर आए।

SP_Singh AURGURU Editor