आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद पुलिस का एक्शनः टोल प्लाजा के आसपास तार फेंसिंग काटने वाले होटल-ढाबों से 11 लोग गिरफ्तार, रोड पर खड़े 33 वाहनों के चालान
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने जेडएफडी (जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट) अभियान के तहत शनिवार को आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। यह कार्रवाई फतेहाबाद टोल प्लाजा के आसपास की गई, जहां यातायात सुरक्षा और जनहानि की रोकथाम को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया।
अभियान के दौरान एक्सप्रेसवे पर नियम विरुद्ध खड़े 33 वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही टोल प्लाजा के आसपास संचालित होटल और ढाबा संचालकों द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एक्सप्रेसवे की तार फेंसिंग को कई स्थानों पर काटने के गंभीर अपराध में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, एक्सप्रेसवे की तार फेंसिंग काटना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे अपराध की संभावनाएं बढ़ती हैं और यात्रियों की जान को भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को धारा 170 बीएनएस के अंतर्गत न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विकल उर्फ विकास निवासी सिकतरा, एत्मादपुर, पप्पू निवासी अखेपुरा, मुरैना, श्रीभगवान निवासी बसई मोहम्मदपुर, फिरोजाबाद, भूरी शर्मा निवासी झारगा, बसेड़ी-धौलपुर, अजयपाल निवासी बमरौली, फतेहाबाद, मनोज कुमार निवासी नगला बनते, सैफई-इटावा, प्रकाश निवासी धौलपुर, भीयाराम एवं शोभाराम निवासी जोधपुर, अनूप निवासी लोया बादशाहपुर, एटा शामिल हैं।
थाना फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान ने बताया कि होटल और ढाबा संचालकों को कई बार चेतावनी दी गई थी कि वे एक्सप्रेसवे की तार फेंसिंग न काटें, लेकिन इसके बावजूद निजी व्यावसायिक हितों के लिए बार-बार तार काटी जा रही थी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं का भी खतरा बना हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।