भव्य निशान यात्रा में खाटू नरेश के जयकारों से गूंजा फतेहपुर सीकरी
फतेहपुर सीकरी। कस्बा के मोहल्ला कोटला में आयोजित खाटू नरेश की भजन संध्या से पूर्व रविवार को श्याम भक्तों ने भव्य निशान यात्रा निकालकर पूरे क्षेत्र को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। बैंड-बाजों और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और वातावरण “श्याम नाम” से गुंजायमान हो उठा।
निशान यात्रा का शुभारंभ बड़ी बगीची मंदिर से हुआ, जहां खाटू नरेश की सजीव झांकी की विधिवत आरती उतारी गई। इसके बाद श्रद्धालु हाथों में खाटू नरेश के प्रतीक ध्वज (निशान) लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
यात्रा कस्बा के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली, जहां जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। श्याम प्रेमी “हारे का सहारा, खाटू श्याम हमारा” के जयघोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए।
निशान यात्रा का समापन कोटला मंदिर पर हुआ, जहां आगे भजन संध्या का आयोजन किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में पारस मित्तल, श्यामसुंदर गोयल, निखिल गोयल, विवेक अग्रवाल, अमित सिंघानिया, हनी गोयल, नेहा गोयल, राधा गोयल, भोलू पेटीज, गौरव सोनू गोयल, अभिषेक सहित अनेक श्रद्धालु प्रमुख रूप से मौजूद रहे।