फतेहपुरसीकरी में होटल पर खाना खाने गए युवकों को दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा, घटना सीसीटीवी में कैद
आगरा। थाना फतेहपुरसीकरी क्षेत्र के शेर-ए-पंजाब होटल में शुक्रवार रात को खाना खाने गए दो युवकों पर आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने हमला कर दिया। यह वारदात मामूली कहासुनी से भड़की और देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। मारपीट का पूरा वीडियो होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसे अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रात को होटल में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान होटल के बाहर पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। लगभग आधा दर्जन युवक लाठी-डंडों, लातों और थप्पड़ों से दोनों युवकों पर टूट पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दबंगों ने पीड़ित युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। होटल के बाहर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने मदद करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
मारपीट में एक युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूरी वारदात होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। थाना फतेहपुरसीकरी पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीकरी क्षेत्र में होटलों के आसपास देर रात शराबखोरी और हुड़दंग की घटनाएं आम हैं। रोज रात में नशेबाजों का जमावड़ा लगता है, लेकिन पुलिस गश्त का कोई असर नहीं दिखता।