श्री कृष्ण गौशाला में भक्ति–करुणा–सेवा का महोत्सवी संगम, गौ माता को छप्पन भोग अर्पित
आगरा। जहां गौ माता की सेवा होती है, वहां स्वयं श्री श्याम प्रभु की कृपा स्वतः प्रकट होती है। इसी सनातन भाव को साकार करते हुए श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल, लोहामंडी द्वारा आयोजित चार दिवसीय श्याम महोत्सव की पावन श्रृंखला में शुक्रवार को शाहगंज स्थित श्री कृष्ण गौशाला में भव्य छप्पन भोग मनोरथ उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और करुणा के वातावरण में संपन्न हुआ। शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और श्याम नाम के जयघोष से गूंजते गौशाला परिसर में गौ माता की सेवा को ही श्री श्याम की साक्षात आराधना माना गया।
गौ माता के लिए लगाए गए छप्पन भोग में पांच कुंतल ताजी सब्जियां, सवा कुंतल अनाज, 100 किलोग्राम फल, चार मन भूसा तथा मेवा अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं परिक्रमा कर गौ माता से सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री श्याम महिला मित्र मंडल की अध्यक्ष पूजा राधे अग्रवाल ने जानकारी दी कि महोत्सव की अगली कड़ी में शनिवार को पुनियापाड़ा, लोहामंडी स्थित पथवारी मंदिर में सायं 5 बजे से श्याम नाम की मेहंदी समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें महिलाएं श्याम नाम की मेहंदी रचाकर बाबा के प्रति अपनी आस्था और समर्पण प्रकट करेंगी।
श्री श्याम मित्र मंडल, लोहामंडी के अध्यक्ष अभि जैन, महामंत्री अमित अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी अखिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, राजीव लवानिया, इंद्र खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, प्रदीप जैन, महिला मंडल उपाध्यक्ष अनीता जैन, रीता अग्रवाल, आशी, गुंजन, पूजा अग्रवाल, निशा जैन, कामिनी, आंचल, प्रियंका, प्रीति, मोहित अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, लता गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।