बदायूं में बरातियों की बस और रोडवेज की भीषण भिड़ंत, तीन की मौत, दर्जनभर घायल, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
-आरके सिंह- बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बरातियों से भरी एक निजी बस और उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सीएम योगी ने दिए तत्काल राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
आमने-सामने से हुई टक्कर
यह हादसा रविवार सुबह करीब 5:30 बजे उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली–मथुरा हाईवे पर बिहारी लॉ कॉलेज के पास हुआ। तेज रफ्तार से आ रही बरातियों की बस और सामने से आ रही रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बरातियों की बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शादी से लौट रही थी बरात
मिली जानकारी के अनुसार, कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला भम्मन निवासी प्रेमपाल के पुत्र का विवाह 21 फरवरी को था। बरात शाहजहांपुर जिले के पटना बारेकला गांव गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद शनिवार देर रात बरातियों से भरी बस वापस लौट रही थी। जैसे ही बस उझानी क्षेत्र में गांव जिरौलिया के पास पहुंची, सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान किशन (कृष्ण), सोनू और योगेश के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल लोगों में सुरेश बाबू, सत्यवीर, मुरारीलाल, अभिषेक, जीतू, मुन्नालाल, वासु, नक्षत्रपाल, राम सुशील और रोडवेज बस चालक प्रेमपाल शामिल हैं। इनमें से मुन्नालाल, सत्यवीर, नक्षत्रपाल और राम सुशील को बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया है।
55 बराती थे सवार, वन-वे बना हादसे की वजह?
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 55 बराती सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे सड़क वन-वे हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार, ड्राइवर को झपकी आना या वन-वे व्यवस्था हादसे का कारण हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, जबकि सभी घायलों को पहले मेडिकल कॉलेज और फिर गंभीर घायलों को बरेली रेफर किया गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।