आगरा में फिल्मी अंदाज़ का धोखा, फर्जी शादी के जाल में फंसी युवती, उजड़ गई ज़िन्दगी
आगरा। शहर के एक प्रमुख थाना क्षेत्र में सामने आया यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। प्यार का झांसा, शादी का नाटक, फर्जी दस्तावेज़ और फिर धोखा—इन सबके बीच एक युवती की ज़िंदगी पूरी तरह से बर्बाद हो गई।
आगरा। शहर के एक प्रमुख थाना क्षेत्र में सामने आया यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। प्यार का झांसा, शादी का नाटक, फर्जी दस्तावेज़ और फिर धोखा—इन सबके बीच एक युवती की ज़िंदगी पूरी तरह से बर्बाद हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2017 से आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फँसाकर लगातार शोषण किया। वर्ष 2020 में आरोपी ने मंदिर में शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। लेकिन बाद में युवती को पता चला कि वह कभी उस मंदिर गई ही नहीं, जहाँ का विवाह प्रमाण पत्र उसे दिखाया गया था।
जनवरी 2025 में जब युवती आरोपी के घर पहुँची तो उसके परिजनों ने विरोध किया और धमकियाँ दीं। मजबूरी में कुछ दिन तक उसे घर में रखा गया लेकिन जल्द ही किराए के मकान में छोड़ दिया गया। जुलाई 2025 में युवती को आरोपी की अलमारी से कथित विवाह प्रमाण पत्र मिला, जिसमें दोस्तों के हस्ताक्षर गवाह के रूप में थे। पीड़िता का कहना है कि यह पूरा दस्तावेज़ फर्जी था।
युवती ने बताया कि जब उसने इस फर्जीवाड़े पर सवाल उठाए तो आरोपी और उसके परिजनों ने मारपीट की, गालियाँ दीं और शादी में मिले गहने तक छीन लिए। इतना ही नहीं, आरोपी की बहन और जीजा ने भी उसे लगातार धमकाया।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी के परिचितों ने भी उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और इस अपराध को छिपाने की कोशिश की। पीड़िता ने कहा—
“यह केवल व्यक्तिगत धोखा नहीं बल्कि विवाह जैसी पवित्र संस्था का अपमान है। मेरी इज्जत, मेरा विश्वास और मेरा भविष्य सब कुछ छीन लिया गया। मैं चाहती हूँ कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले, ताकि किसी और लड़की के साथ ऐसा अन्याय न हो।”
पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, उत्पीड़न और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।