शाहजहांपुर में फर्जी आतंकी हमला पोस्ट करने वालों पर एफआईआर, सोशल मीडिया पर बढ़ी निगरानी
शाहजहांपुर। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच शाहजहांपुर जिले में सोशल मीडिया पर 'आतंकी हमले' की फर्जी पोस्ट डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जिले के दो थानों में तीन अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट धारकों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मीडिया सेल को एक इंस्टाग्राम वीडियो और फेसबुक पोस्ट मिली, जिसमें फायरिंग की आवाज के साथ लिखा था- "शाहजहांपुर में हुआ आतंकी हमला"। इस पोस्ट से लोगों में डर और भ्रम फैल गया। जांच में पता चला कि यह खबर पूरी तरह फर्जी थी, और जिले में कहीं भी कोई आतंकी हमला नहीं हुआ था।
जांच के बाद थाना साइबर में इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता अंकित कुमार और थाना कोतवाली में फेसबुक उपयोगकर्ता परविंदर व एक अन्य अज्ञात फेसबुक आईडी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसपी द्विवेदी ने कहा, सोशल मीडिया पर हमारी टीम लगातार निगरानी कर रही है। किसी को भी अफवाह फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिसने भी ऐसा किया है, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक पोस्ट को न फैलाएं, न लाइक करें और न शेयर करें।