दो घंटे तक धधकती रही आग, जब मिर्च मसाले जले तो पहले आंखों में जलन हुई फिर दम घुटने लगा था

आगरा। शहर के फाउंड्री नगर इलाके में रविवार को एक मसाला फैक्ट्री में लगी भीषण आग से अफरा तफरी फैल गई। आग में जलते मिर्च-मसालों से लोगों का दम घुटने लगा था।

Sep 29, 2024 - 21:31
 0
दो घंटे तक धधकती रही आग, जब मिर्च मसाले जले तो पहले आंखों में जलन हुई फिर दम घुटने लगा था
प्रतीकात्मक फोटो

आग लगने पर फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने इसे बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग तेजी से फैलते ही चली गई। इसके बाद बुलाई गई फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। मसाला फैक्ट्री बारहभाई गली के सचिन गर्ग की है और इसका नाम एसएसडीआर इंडस्ट्रीज एक्सपोर्ट है।  

सबसे पहले महिला कर्मचारी नीलम ने चिंगारी और धुंआ देखा तो शोर मचा कर दूसरे कर्मचारियों को बताया। सभी कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग भूतल और प्रथम तल में फैल गई। मसाला जलने से आंखों में जलन मचने लगी। दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह का कहना था कि बिना एनओसी फैक्ट्री संचालित हो रही थी। आग बुझाने की साधन भी नहीं थे। सूचना आग लगने के करीब 25 मिनट बाद दी गई। 

वहीं कर्मचारियों ने बताया कि दमकल देर से आई। दमकल समय पर आ जाती तो आग इतना भीषण रूप नहीं ले पाती।

सुषमा नाम की कर्मचारी ने मौके पर हिम्मत दिखाकर बड़ा हादसा होने से बचा लिया। एक कमरे में ताला बंद था। बिजली का बोर्ड उस कमरे में लगा है। सुषमा ने कमरे का ताला तोड़ दिया। तत्काल बिजली को मेन स्विच से बंद किया। ताकि पानी डालते समय किसी को करंट नहीं लग जाए। हादसे की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor