बरेली में ताजिये में लगी आग, हाईटेंशन लाइन से टकराने पर मचा हड़कंप; उप निरीक्षक निलंबित

बरेली। जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गौसगंज में रविवार को ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा टल गया। जुलूस में निकाला जा रहा ताजिया अचानक हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जुलूस में अफरा-तफरी मच गई।

Jul 7, 2025 - 17:47
 0
बरेली में ताजिये में लगी आग, हाईटेंशन लाइन से टकराने पर मचा हड़कंप; उप निरीक्षक निलंबित
बरेली के फरीदपुर में हाईटेंशन लाइन से टच होने के बाद ताजिए का ऊपरी हिस्सा जलता हुआ।  

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित हल्का इंचार्ज उप निरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और जांच बैठा दी।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि ताजिये की ऊंचाई 23 फुट थी, जबकि प्रशासन द्वारा अधिकतम 12 फुट की अनुमति दी गई थी। नियम के विरुद्ध ऊंचाई होने के बावजूद दरोगा अशोक कुमार ने रिपोर्ट में ताजिया को मानक के अनुरूप बताया और जुलूस की अनुमति दे दी। इसी आधार पर एसएसपी ने उनकी भूमिका संदिग्ध मानते हुए निलंबन की कार्यवाही की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग ताजिया लेकर बरेली-शाहजहांपुर रोड की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और उसमें चिंगारी निकलने से आग लग गई। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें उठीं, जिससे भगदड़ मच गई।

स्थानीय लोगों और आयोजकों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया। जले हुए हिस्से को अलग करने के बाद ताजिये को कर्बला ले जाया गया, जहां उसे विधिवत दफनाया गया।

SP_Singh AURGURU Editor