फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ताजपुर नगरिया में आग का तांडव: भूसा-छप्पर राख, मवेशी झुलसे

फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ताजपुर नगरिया गांव में गुरुवार दोपहर भीषण आग ने कहर बरपा दिया, जहां देखते ही देखते छप्पर, भूसे के ढेर और कंडों के बिटोरे जलकर राख हो गए, वहीं एक मासूम मवेशी भी इसकी चपेट में आ गया।

Apr 16, 2026 - 21:39
Apr 16, 2026 - 21:53
 0
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ताजपुर नगरिया में आग का तांडव: भूसा-छप्पर राख, मवेशी झुलसे
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ताजपुर नगरिया गांव में गुरुवार को लगी आग ने सब कुछ जला दिया।

-महावीर सिंह वर्मा-

आगरा। जनपद के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव ताजपुर नगरिया में 16 अप्रैल की दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के बाहरी हिस्से में स्थित मानिकचंद और मुकेश चंद के घरों के छप्परों में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखे करीब 100 मन भूसे के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटों ने फौरन सिंह, नवरंग सिंह, सतीश चंद्र और गिरधारी के कंडों के बिटोरों को भी जलाकर राख कर दिया। इस दौरान एक भैंस का लबेरू भी झुलस गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं और भयंकर लपटों के कारण आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।

स्थिति बिगड़ती देख तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

पीड़ित ग्रामीण रिंकू के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इस घटना में कई परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor