आगरा में पहली बार एंडो-रोबो गायनी कार्यशाला: चार सौ विशेषज्ञ देंगे रोबोटिक सर्जरी ट्रेनिंग
आगरा। आगामी 4-5 अक्टूबर को आयोजित होने जा रही एंडो-रोबो गायनी 2025 कार्यशाला में देश और विदेश के 400 से अधिक विशेषज्ञ जुटेंगे। यह कार्यशाला आगरा में पहली बार आयोजित की जा रही है, जिसमें लाइव रोबोटिक सर्जरी और टेली सर्जरी के साथ-साथ नए सर्जन्स को हैंड्स ऑन ट्रेनिंग दी जाएगी। लैप्रोस्कोपिक विधि से भी ऑपरेशन किए जाएंगे।
कार्यशाला में विशेषज्ञ यूरोगायनेकोलॉजी और यूट्राइन एनोमलाइज जैसे जटिल मामलों पर मंथन करेंगे। इसमें बच्चेदानी में जन्मजात बनावटी कमी, स्त्रियों में मूत्र रोग की समस्याएं (जैसे खांसने या छींकने पर पेशाब का निकलना), बच्चेदानी का कैंसर, लिंग परिवर्तन (जेंडर अश्योरिंग सर्जरी), यूट्राइन सेप्टम, पेशाब की थैली में छेद और लेट्रिन के रास्ते में छेद जैसी जटिलताओं के इलाज और नई तकनीकों पर चर्चा होगी।
कार्यशाला का आयोजन ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, फतेहाबाद रोड, आगरा में किया जाएगा। इसका संचालन आगरा ऑब्सट्रेटिकल एंड गायनेकोलॉजी सोसायटी के नेशनल व यूपी चैप्टर और डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पीटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के संयुक्त प्रयास से होगा। आयोजन अध्यक्ष डॉ. अमित टंडन ने ब्रोशर रिलीज कार्यक्रम में बताया कि कार्यशाला में ऑपरेशन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। विशेषज्ञ अनियमित माहवारी और दर्द (एंडोमेट्रियोसिस) के ऑपरेशन की बारीकियां समझाएंगे और प्रश्नों के उत्तर देंगे।
4 अक्टूबर को सूचरिंग कॉम्पटीशन भी आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन 5 अक्टूबर को मास्टर क्लास का आयोजन होगा, जिसमें महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जटिलताओं पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। इस अवसर पर डॉ. वैशाली टंडन, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. निधि बंसल, डॉ. अदिति सारस्वत, डॉ. रजनी गुप्ता और डॉ. अल्पना श्रीवास्तव सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित थे।