पहली बार आगरा से खाटूधाम के लिए रवाना हुई डाक निशान यात्रा, भक्तों का अनूठा समर्पण
आगरा। आगरा। भक्ति और आस्था का अनुपम संगम सोमवार को तब देखने को मिला जब एक शाम सांवरे के नाम समिति द्वारा पहली बार आगरा से खाटू श्याम धाम, राजस्थान के लिए डाक निशान यात्रा रवाना हुई। ट्रांस यमुना कॉलोनी, रामबाग से शुरू हुई इस पावन यात्रा में करीब 100 श्यामप्रेमी शामिल हैं, जो ध्वज और पत्र अर्पित कर बाबा श्याम के दरबार तक पहुंचेंगे।
यात्रा संयोजक संदीप अग्रवाल ने बताया श्री श्याम भक्तों की परंपरा में डाक निशान यात्रा का विशेष महत्व है। भक्त अपने आराध्य को पत्र (डाक) और ध्वज (निशान) अर्पित करते हुए पैदल या सामूहिक यात्रा कर मंदिर तक पहुंचते हैं। निशान यात्रा में चढ़ाए गए ध्वज बाबा श्याम की कृपा और रक्षा के प्रतीक होते हैं।
यात्रा सुल्तानगंज की पुलिया, गुरुद्वारा, कारगिल चौराहा, बोदला, बिचपुरी, अछनेरा, किरावली, भरतपुर, दौसा और जयपुर होते हुए आगामी चार सितम्बर को खाटूधाम पहुंचेगी।
यात्रा में शामिल झांकी में बाबा का अलौकिक श्रृंगार सौरभ अग्रवाल द्वारा किया गया। यात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में छप्पन भोग और चांदी का निशान अर्पित किया गया।
चार सितम्बर 2025 को खाटूधाम में 9वां श्री श्याम वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य भजन संध्या, छप्पन भोग अर्पण, रात्रि जागरण और श्याम भक्तों के लिए विशेष प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।
यात्रा में हेमंत अग्रवाल, अंगद शर्मा, सौरभ अग्रवाल, गौरव वार्ष्णेय, हिमांशु गर्ग, राजेश राजपूत, सुशील श्रीवास्तव, धीरज मित्तल, शिवम गुप्ता, अतुल कुमार, मनोज भारद्वाज, मुरारी शाक्य, केशव शाक्य, विजय प्रताप आदि शामिल हैं।