ताजनगरी में पहली बार नेशनल फुटबॉल का महासमर, आगरा को मिली 79वीं संतोष ट्रॉफी ग्रुप-बी की मेजबानी
आगरा। 79वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी वर्ष 2025-26 के ग्रुप-बी की मेजबानी आगरा जनपद को मिल गई है। यह न केवल आगरा बल्कि आसपास के जिलों के फुटबॉल प्रेमियों के लिए ऐतिहासिक और बेहद उत्साहजनक खबर है, क्योंकि ताजनगरी में पहली बार किसी नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है।
अब तक अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले इस शहर में फुटबॉल का ऐसा बड़ा आयोजन कभी नहीं हो सका था। पूर्व में इसे कराने के ठोस प्रयास भी नहीं हुए, जिसके चलते आगरा राष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर अपनी मौजूदगी दर्ज नहीं करा पाया। संतोष ट्रॉफी की मेजबानी मिलने से ताजनगरी के खेल जगत में नई ऊर्जा और पहचान मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, आगरा में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संघ के मानकों के अनुरूप मैदानों की कमी रही है। शहर के इकलौते स्टेडियम में मरम्मत और विकास कार्य जारी है, जबकि किसी निजी संस्था के पास भी इतना बड़ा मैदान उपलब्ध नहीं है, जहां इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन हो सके। इसी कारण 21 से 25 दिसंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज (शारदा यूनिवर्सिटी) के मैदान को उपयुक्त पाया गया है, जहां आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
आगरा रीजनल फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह उर्फ बिल्लू चौहान, शारदा ग्रुप की वाइस चांसलर डॉ. जयंती राजन तथा उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मोहम्मद शाहिद ने संयुक्त रूप से इसकी आधिकारिक घोषणा की है। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
चार राज्यों की टीमें, असम फाइनल का टिकट दांव पर
ग्रुप-बी में चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की चार टीमें हिस्सा लेंगी। इस पूल की शीर्ष टीम आगामी जनवरी में असम में होने वाले फाइनल राउंड में प्रवेश करेगी।
मैच शेड्यूल
21 दिसंबर: उत्तराखंड बनाम चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश बनाम हरियाणा।
23 दिसंबर: उत्तराखंड बनाम हरियाणा, उत्तर प्रदेश बनाम चंडीगढ़।
25 दिसंबर: उत्तराखंड बनाम उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ बनाम हरियाणा।
संतोष ट्रॉफी की मेजबानी से आगरा में फुटबॉल संस्कृति को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।