आगरा के बाकंदा खास में पांच साल का बच्चा कुएं में गिरा, बचाव अभियान जारी

आगरा। किरावली क्षेत्र के वाकंदा खास गांव में शुक्रवार को एक हादसा हो गया। गांव का पांच वर्षीय मासूम बच्चा खेलते-खेलते अचानक एक कुएं में गिर गया। कुएं में काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में खलबली मच गई और बच्चे को निकालने का काम शुरू कर दिया था।

Oct 31, 2025 - 15:12
 0
आगरा के बाकंदा खास में पांच साल का बच्चा कुएं में गिरा, बचाव अभियान जारी
किरावली के बाकंदा खास गांव में कुएं में गिरे बालक को निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू ऒपरेशन की एक झलक।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। कुएं में पानी भरा होने के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस की निगरानी में पंप सेट और ट्रैक्टरों की मदद से पानी निकालने का कार्य तेजी से जारी है। ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहकर प्रशासन की मदद कर रहे हैं।

किरावली थाना पुलिस, एसडीएम और राजस्व विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं। बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार कुएं के अंदर की गहराई का जायजा ले रही है। कुंए में नीचे उतरने के लिए सीढ़ी का भी इस्तेमाल किया गया है।

घटना के बाद बच्चे के घर पर कोहराम मचा हुआ है। परिवारजन बदहवास हालत में हैं, जबकि ग्रामीण बच्चे की सकुशल वापसी के लिए दुआएं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेस्क्यू में एनडीआरएफ टीम बुलाने की मांग भी की है।

कुएं के चारों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है। पुलिस ने चारों ओर रस्सी से बैरिकेड लगाकर इलाके को घेरा हुआ है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक बच्चे को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जाता।

SP_Singh AURGURU Editor