कठुआ में बादल फटने के बाद बाढ़ और लैंडस्लाइड, 4 की मौत

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के राजबाग के जोड घाटी गांव में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि को बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

Aug 17, 2025 - 10:45
 0
कठुआ में बादल फटने के बाद बाढ़ और लैंडस्लाइड, 4 की मौत

 
जम्मू । किश्तवाड़ के बाद अब जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बादल फटे हैं। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हुए हैं। बादल फटने की घटना शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि को राजबाग के जोड घाटी गांव में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक संयुक्त टीम गांव पहुंची हैं। स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ राहत कार्य शुरू किया गया है। अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। मरनेवालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि कठुआ थाना क्षेत्र के बगड़ और चंगड़ा गांवों और लखनपुर थाना क्षेत्र के दिलवां-हुटली में भी भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। हालांकि यहां किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण अधिकांश जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और उझ नदी खतरे के निशान के पास बह रही है।  

कई जगह हुआ लैंडस्लाइड भी
कठुआ के डिप्टी कमिश्नर राजेश शर्मा ने बताया कि कठुआ में बादल फटने केबाद मुसीबत आई है। जोध गांव में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। वहां कई जगह भूस्खलन भी हुआ है। भूस्खलन की वजह से कई घर प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन ने जारी की अडवाइजरी
भूस्खलन में छह लोग अंदर फंसे हुए हैं। उन्हें बचाने का काम चल रहा है। भारी बारिश के कारण कई सड़कें भी बह गई हैं। रास्ते बंद हो गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। कठुआ प्रशासन ने लोगों से जलाशयों से दूर रहने की अपील की है।