सड़कों पर दिख रहा है शिव भक्तों का सैलाब, नाचते कूदते परिक्रमा लगा रहे हैं भक्त 

आगरा। शिवभक्त परिक्रमा पर निकले पड़े हैं। इनमें बच्चे और बड़े हर उम्र के लोग शामिल हैं। उन्होंने माथे पर भोलेबाबा के नाम का चंदन लगाया हुआ है और नंगे पैर हैं। परिक्रमार्थियों के शरीर पर बाबा की ही छाप की टी-शर्ट पहन रखी है। वे नाचते गाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कल यानि सोमवार को जलाभिषेक के बाद शिव परिक्रमा खत्म होगी। सोमवार को होने वाले बल्केश्वर मेला भी आज शाम से शुरू हो चुका है।

Jul 20, 2025 - 22:24
 0
सड़कों पर दिख रहा है शिव भक्तों का सैलाब, नाचते कूदते परिक्रमा लगा रहे हैं भक्त 

इस समय शहर की ज्यादातर सड़कों पर शिव भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। हर किसी की जुबान पर हर हर महादेव और बम बम भोले है। पूरा क्षेत्र महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। 
शिव परिक्रमा में शामिल बच्चे और युवा हाथों में भगवान शंकर की तस्वीर लिए हुए चल रहे हैं। उनमें से कुछ ने डमरू और अन्य सामान ले रखे हैं। 

इस समय आगरा की सड़कों पर हर तरफ शिव भक्त ही नजर आ रहे हैं। शिव परिक्रमार्थियों के लिए शिव भक्तों ने जगह- जगह भंडारे का इंतजाम किया हुआ है। कोई पानी तो कोई कोल्ड ड्रिंक बांट रहा है। कहीं पर पूड़ी-सब्जी का वितरण हो रहा है तो कहीं बिस्कुट बांटे जा रहे हैं। पूरे मार्ग में जगह जगह लगे साउंड सिस्टम पर भगवान शिव की महिमा के गीत बज रहे हैं, जिन पर शिव भक्त जमकर थिरक रहे हैं। कई स्थानों पर झांकियां भी सजाई गई हैं। पूरा माहौल शिव मय हो चुका है।

आज शाम चार बजे से परिक्रमा प्रारंभ हुई। लोगों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। महिलाओं ने घरों के आगे खड़े होकर गुजरने वाले शिव भक्तों पर फूलों की बारिश की।