वेलनेस संग सफलता की उड़ान: आगरा में नए सीए सदस्यों का सम्मान, विशेषज्ञों ने सिखाई कार्य-जीवन संतुलन की कला
आधुनिक पेशेवर दुनिया में वर्क-लाइफ बैलेंस केवल एक विचार नहीं, बल्कि सफलता की अनिवार्य शर्त बन चुका है। इसी संदेश को केंद्र में रखते हुए आईसीएआई आगरा शाखा ने नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान किया और ‘वर्क में वेलनेस’ विषय पर विशेषज्ञों से व्यवहारिक, उपयोगी और प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान कराया।
आगरा। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) आगरा शाखा द्वारा संजय प्लेस स्थित सीए भवन में नव-प्रवेशित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अध्यक्ष सीए गौरव सिंघल, उपाध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना, सचिव सीए अंकित मित्तल, सिकासा अध्यक्ष सीए आयुष गोयल, कोषाध्यक्ष सीए करण पंजवानी, कार्यकारिणी सदस्य सीए साक्षी विवेक जैन एवं सीए सचिन बूबना द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
मुख्य वक्ता डॉ. शुभम जैन ने ‘वर्क में वेलनेस’ विषय पर विस्तृत और प्रभावी विचार रखते हुए कहा कि पेशेवर जीवन में वेलनेस को प्राथमिकता देना न केवल मानसिक संतुलन बनाए रखता है, बल्कि कार्यक्षमता, निर्णय क्षमता और पेशेवर प्रदर्शन को भी कई गुना बढ़ाता है।
उन्होंने तनाव प्रबंधन, माइंडफुलनेस, समय प्रबंधन, हैबिट बिल्डिंग, ऑफिस में सक्रियता के छोटे अभ्यास और कार्य-जीवन संतुलन जैसे विषयों पर उपयोगी टिप्स दिए। उनके अनुसार, सफलता तभी सार्थक है जब व्यक्ति मानसिक रूप से स्थिर, शारीरिक रूप से स्वस्थ और भावनात्मक रूप से समर्थ हो।
वक्ता संस्कृति अग्रवाल ने छात्रों और नए सीए सदस्यों को जॉब प्लेसमेंट की तैयारी पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि कंपनियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रिज्यूमे में छोटे-छोटे बदलाव कर उसे ज्यादा प्रभावी और प्रोफेशनल बनाया जा सकता है।
अध्यक्ष सीए गौरव सिंघल ने बताया कि शाखा द्वारा इंटिग्रेटिंग वेलनैस इन्टू वर्क विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 65 नए सीए सदस्यों का सम्मान किया गया। उन्होंने नवोदित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को भविष्य की योजना निर्माण, कैरियर-निर्माण और पेशेवर दायित्वों पर प्रेरक सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम का समापन सभी नए सदस्यों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया। समारोह में एकता गोयल, जतिन खिमयानी, नंदिनी जैन, शिवि जैन, अंकुर अग्रवाल, साहिल शर्मा, अंशिका गर्ग, वंशिका शर्मा, कौशिकी गर्ग, राघव वार्ष्णेय, तनीषा अग्रवाल, तनिष्का अग्रवाल, अमीषा जैन, पारस अग्रवाल, प्राची, रौनक, शिवम, रमशा, तन्मय, प्रांशी, मोहित, सक्षम, पूजा, हर्षित, गौरव, रामयता, सुधांशु, कार्तिक, रुचिता, सिमरन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।