कोहरे की चादर में डूबी सड़कें बनीं मौत का जाल, आगरा में दो हादसे, कई घायल
आगरा। शनिवार रात से सर्द मौसम के साथ छाया घना कोहरा ताजनगरी की सड़कों पर डर बनकर उतरा। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ ही मीटर आगे देख पाना मुश्किल हो गया। इसी कोहरे की भयावह चादर में रविवार को आगरा में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हो गए, जिनमें कई लोग घायल हो गए और बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

पहला हादसा स्ट्रैची पुल पर हुआ, जहां घने कोहरे के कारण एक तेज रफ्तार कैंटर चालक सामने से आ रही दो बाइकों को समय रहते नहीं देख सका। कैंटर ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइकें वाहन के नीचे फंस गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर के नीचे फंसी बाइकों को बाहर निकाला गया और घायल बाइक सवारों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि समय रहते राहत पहुंच गई, वरना हादसा और भी बड़ा हो सकता था।
दूसरी घटना बेलनगंज क्षेत्र में सामने आई। यहां कोहरे के कारण एक ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने सार्वजनिक शौचालय की दीवार तोड़ता हुआ सीधा एक दुकान में जा घुसा। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से इलाके में दहशत फैल गई। दुकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि संपत्ति को भारी नुकसान हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोहरे के चलते सड़क पर चलना बेहद जोखिम भरा हो गया है। न तो वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण है और न ही पर्याप्त सावधानियां बरती जा रही हैं। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि घने कोहरे में वाहन चलाते समय गति सीमित रखें, फॉग लाइट का प्रयोग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।