आगरा में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त अभियान: मिलावट पर पैनी नजर

आगरा। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आगरा ने सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त अभियान शुरू किया है। इस अभियान में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई, घी, पनीर, खोया, बेसन और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Oct 11, 2025 - 20:39
 0
आगरा में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त अभियान: मिलावट पर पैनी नजर
चेकिंग अभियान के अंतर्गत शनिवार को कार्रवाई करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।

यह अभियान जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आयुक्त के आदेशानुसार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को विभाग की टीमों ने आगरा के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और कुल 16 खाद्य सामग्री के नमूने संकलित किए। इनमें पनीर, घी, खोआ, मिठाई, दही, छेना, रसगुल्ला, बेसन, पेड़ा, सोनपापड़ी, सेवई और फ्रायम्स शामिल हैं।

नमूने शहर के प्रतिष्ठानों जैसे पंडित जी दूध भंडार (बालूगंज), श्रीराम मिष्ठान भंडार (धीमश्री चौराहा), राज रसोई (छलेसर), मंगल सिंह (बरौली अहीर), श्वेता डिपार्टमेंटल स्टोर, रिलायंस रिटेल मार्ट (माधव कुंज), रामेश्वर डेरी (नगला जमाल भैंस), शिशुपाल सिंह (नगला दयाराम, एत्मादपुर चौराहा), मैसर्स विकास सेवई (पोइया) और वाहन संख्या UP82AT5442 (एत्माद्दौला क्षेत्र) से लिए गए।

विशेष कार्रवाई श्रीराम मिष्ठान भंडार, धीमश्री चौराहा में हुई, जहां खाद्य सामग्री की लेबलिंग और पैकेजिंग में नियमों की अनदेखी और अस्वच्छ भंडारण पाया गया। यहां से 20 किलोग्राम बर्फी और 5 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त कर नष्ट की गई।

सभी संकलित नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर अगर कोई उत्पाद मिलावटी या मानक के विपरीत पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह जांच अभियान दीपावली सहित अन्य त्योहारों तक लगातार जारी रहेगा।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित और विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की सूचना तुरंत विभाग को दें। इस तरह के अभियान जनहित में भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor