बच्चों की खातिर आगरा में स्कूल टाइम बदलें या गर्मी की छुट्टियां जल्द घोषित करें
आगरा। आगरा की तपती गर्मी अब बच्चों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ने लगी है। इसी चिंता को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता बृज खंडेलवाल ने जिलाधिकारी आगरा को एक भावुक और मार्मिक पत्र लिखकर विद्यालय समय में तत्काल बदलाव या ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग की है।
-सामाजिक कार्यकर्ता बृज खंडेलवाल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर की अपील
बृज खंडेलवाल ने अपने पत्र में लिखा, "जब वयस्क इस झुलसाती गर्मी को सहन नहीं कर पा रहे, तो मासूम बच्चे किस हाल में होंगे, यह सोचकर दिल दहल जाता है।" उन्होंने स्कूल जाते बच्चों की हालत का जिक्र करते हुए कहा कि "अब उनके चेहरों पर मुस्कान नहीं, बल्कि थकावट और तपिश की लकीरें हैं।"
पत्र में उठाए गए मुख्य बिंदु
विद्यालय समय बदला जाए – स्कूल सुबह जल्दी शुरू हों और दोपहर से पहले ही समाप्त कर दिए जाएं।
ग्रीष्मकालीन अवकाश जल्द घोषित हो – बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए गर्मी की छुट्टियां पहले शुरू की जाएं।
गर्मी से बच्चों की सेहत पर खतरा
खंडेलवाल ने पत्र में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, चक्कर आना और अत्यधिक थकावट जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए चेताया कि यह अब बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई दोनों को प्रभावित कर रहा है। स्कूल अब शिक्षा का नहीं, बल्कि संकट का कारण बनते जा रहे हैं।
समाज की भी अपील, प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद
शिक्षकों, अभिभावकों और जागरूक नागरिकों की ओर से भी ऐसी ही मांगें उठ रही हैं। बृज खंडेलवाल ने इसे केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना का विषय बताया। उन्होंने कहा, "यह वह समय है जब एक संवेदनशील प्रशासन, बच्चों के पक्ष में खड़े होकर मिसाल कायम कर सकता है।" उन्होंने आगरा प्रशासन से यह अपेक्षा की है कि वह मौसम की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कोई राहतकारी निर्णय लेगा।