आगरा खेरिया एयरपोर्ट पर पकड़ा गया विदेशी नागरिक बेटे से मिलने जा रहा था बेंगलुरु, पर पहुंच गया जेल

आगरा। आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया था , जब सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी पर्यटक के बैग से कारतूस बरामद किए गए थे। डेनमार्क के नागरिक क्रिस्टेनसन जैस्पर को एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया था । आरोपी को आज मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोपहर में जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

Dec 16, 2025 - 20:32
 0
आगरा खेरिया एयरपोर्ट पर पकड़ा गया विदेशी नागरिक बेटे से मिलने जा रहा था बेंगलुरु, पर पहुंच गया जेल
जेल भेजा गया डेनमार्क का नागरिक क्रिस्टेनसन जैस्पर।

खेरिया एयरपोर्ट पर विदेशी पर्यटक के बैग से निकले थे कारतूस

आगरा। आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया था , जब सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी पर्यटक के बैग से कारतूस बरामद किए गए थे। डेनमार्क के नागरिक क्रिस्टेनसन जैस्पर को एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया था । आरोपी को आज मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोपहर में जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। 

जानकारी के अनुसार क्रिस्टेनसन जैस्पर अपने बेटे के साथ भारत भ्रमण पर आया था। वह दिल्ली और जयपुर घूमने के बाद आगरा पहुंचा था और यहां से बेंगलुरु जाने की तैयारी में था। बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने से पहले जब खेरिया एयरपोर्ट पर चेकिंग की गई, तो स्कैनर में उसके बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। तलाशी लेने पर बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने देश में शिकारी है और उसके पास लाइसेंसी हथियार है। उसने दावा किया कि कारतूस अनजाने में बैग में रह गए। हालांकि, भारत में बिना वैध अनुमति हथियार या कारतूस रखना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इस आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

बताया गया है कि आरोपी का बेटा बेंगलुरु की एक कंपनी में इंटर्नशिप कर रहा है, जिसके चलते दोनों वहां जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया ब्यूरो (आईबी) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी आरोपी से पूछताछ की, ताकि किसी तरह की सुरक्षा चूक या संदिग्ध गतिविधि की आशंका को पूरी तरह खारिज किया जा सके।

यह पूरा मामला शाहगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद कानून सभी के लिए समान है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।