उत्तर बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष और आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीन कुमार सिंह का निधन
आगरा। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता, कुशल संगठनकर्ता और हजारों वकीलों के मार्गदर्शक प्रवीण कुमार सिंह (पीके सिंह) का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से अधिवक्ता समाज में गहरा शोक व्याप्त है।
स्व. प्रवीण कुमार सिंह अधिवक्ता समाज के उन विरले व्यक्तित्वों में से थे, जिन्होंने दशकों तक वकालत के पेशे को गरिमा, अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में उनका कार्यकाल ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रहा। उन्होंने वर्ष 1987 से 2018 तक सक्रिय रूप से बार काउंसिल की सेवा की और अधिवक्ताओं की समस्याओं को शासन व प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा।
उनका नेतृत्व असाधारण रहा। वर्ष 1994 में उपाध्यक्ष तथा 2003 में अध्यक्ष के पद पर रहते हुए उन्होंने अधिवक्ता हितों से जुड़े कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। लगातार पांच बार उत्तर प्रदेश बार काउंसिल का चुनाव जीतकर उन्होंने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया, जो आज भी अधिवक्ता राजनीति में मिसाल माना जाता है। उनकी स्पष्टवादिता, निर्भीक नेतृत्व और अधिवक्ताओं के प्रति अटूट समर्पण उन्हें जनप्रिय बनाता था।
ग्रेटर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह भैया एडवोकेट ने स्व. सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा है कि वे केवल एक पदाधिकारी नहीं, बल्कि अधिवक्ता समाज की आवाज थे। युवा अधिवक्ताओं के लिए वे प्रेरणा स्रोत और संरक्षक थे। उनके मार्गदर्शन में अनेक वकीलों ने न केवल पेशे में सफलता पाई, बल्कि सामाजिक और वैचारिक दृढ़ता भी हासिल की।
Top of Form
Bottom of Form