पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक अस्पताल में भर्ती, सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक इस समय अस्पताल में भर्ती हैं, जिसकी जानकारी उनके सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी गई है। उनकी यह जानकारी ऐसे समय पर आई है, जब उनके खिलाफ सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की है। उन्होंने अस्पताल से अपने बेड की तस्वीर भी शेयर की है। 

May 23, 2025 - 20:11
May 23, 2025 - 20:47
 0
पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक अस्पताल में भर्ती, सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट

पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने एक्स पर लिखा-"नमस्कार साथियों। मेरे बहुत से शुभचिंतकों के फोन आ रहे हैं जिन्हें उठाने में मैं असमर्थ हूं। अभी मेरी हालत बहुत खराब है। मैं फिलहाल अस्पताल में भर्ती हूं ओर किसी से भी बात करने की हालत में नहीं हूं।" सोशल मीडिया पर शेयर की गई अस्पताल की तस्वीर को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह काफी गंभीर स्थिति में हैं।

जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक और 5 अन्य लोगों के खिलाफ सीबीआई ने आज गुरुवार (22 मई) को चार्जशीट दाखिल की। सीबीआई ने यह चार्जशीट कीरु हाइड्रो प्रोजेक्ट से जुड़े कथित करप्शन केस में दर्ज की है। इससे पहले फरवरी 2025 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कीरु हाइड्रो प्रोजेक्ट में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक से जुड़े 30 स्थानों पर छापेमारी की थी।  

पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने साल 2019 के पुलवामा हमले को लेकर केंद्र सरकारर्ती पर लापरवाही का आरोप लगाया था।  उन्होंने दावा किया था कि सेना को हेलीकॉप्टर देने से इनकार किया गया, जिसके कारण 40 जवान शहीद हुए। इसके अलावा पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने साल 2020-21 के किसानों के आंदोलन का समर्थन किया था और उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की थी।