कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या, पत्नी संदिग्ध के रूप में हिरासत में
बेंगलुरु। कर्नाटक पुलिस के पूर्व महानिदेशक ओम प्रकाश की उनके एचएसआर लेआउट स्थित आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। घटनास्थल से भारी मात्रा में खून मिलने के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि यह हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई है। मामले में उनकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है और पुलिस जांच जारी है।
पत्नी ने दी सूचना, फिर किया दरवाजा खोलने से इनकार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ओम प्रकाश की पत्नी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी, लेकिन जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। घर के अंदर ओम प्रकाश का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जो दर्शाता है कि संघर्ष हुआ था। बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश की हत्या चाकू से घोंपकर की गई है।
बेटी भी थी घर में मौजूद
वारदात के समय घर के लिविंग रूम में ओम प्रकाश की पत्नी और बेटी मौजूद थीं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या में घरेलू विवाद की संभावना लग रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
1981 बैच के आईपीएस अधिकारी थे
ओम प्रकाश कर्नाटक कैडर के 1981 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने कर्नाटक के डीजी और आईजीपी के रूप में सेवाएं दीं और वर्ष 2015 में सेवानिवृत्त हुए। मूल रूप से वे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के निवासी थे। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही मामले में और खुलासे की उम्मीद है।