पत्नी को भरण-पोषण न देने पर पूर्व मंत्री चौधरी बशीर गिरफ्तार, 40 हजार रुपये जमा करने पर रिहा

आगरा में पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक चौधरी बशीर को पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण की रकम जमा न करने पर मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश के बावजूद बकाया राशि न चुकाने पर यह कार्रवाई की गई। बाद में 40 हजार रुपये जमा करने और शेष रकम अगली सुनवाई तक जमा करने के वादे पर उन्हें थाने से ही रिहा कर दिया गया।

Nov 11, 2025 - 23:13
 0
पत्नी को भरण-पोषण न देने पर पूर्व मंत्री चौधरी बशीर गिरफ्तार, 40 हजार रुपये जमा करने पर रिहा

आगरा। मंगलवार को मंटोला पुलिस ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक चौधरी बशीर को न्यायालय के आदेश पर गिरफ्तार किया। मामला उनकी पत्नी और दो नाबालिग पुत्रों के भरण-पोषण से संबंधित है।

थाना ताजगंज क्षेत्र निवासी उनकी पत्नी ने 23 सितम्बर 2019 को पारिवारिक विवाद के बाद न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने स्वयं के साथ 10 और 9 वर्ष के दो पुत्रों के लिए भरण-पोषण की मांग की थी।

न्यायालय ने 13 फरवरी 2023 को आदेश पारित करते हुए चौधरी बशीर को प्रत्येक को पांच-पांच हजार रुपये मासिक यानी कुल 15 हजार रुपये भरण-पोषण के रूप में अदा करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद पूर्व मंत्री द्वारा भुगतान न करने पर न्यायालय ने उनके विरुद्ध वारंट जारी किया था। पुलिस चौधरी को बशीर की गिरफ्तारी की कोशिशें करती रही, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ रहे थे। 

बताया जाता है कि चौधरी बशीर के घर में मौजूद होने की सूचना मंगलवार को पुलिस मिली। इसके बाद मंटोला पुलिस ने उन्हें घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बशीर को सीधे कोर्ट ले गई। कोर्ट में सुनवाई के दौरान उन्होंने बकाया राशि में से 40 हजार रुपये मौके पर जमा किए और शेष रकम अगली तिथि तक चुकाने का आश्वासन दिया। इसके बाद न्यायालय ने उन्हें रिहा कर दिया। रिहाई के बाद चौधरी बशीर पीछे के रास्ते से एक साथी की स्कूटी पर बैठकर मौके से निकल गए।

पूर्व मंत्री चौधरी बशीर सपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं और मंटोला क्षेत्र के निवासी हैं। मामले को लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों में दिनभर चर्चा बनी रही।

SP_Singh AURGURU Editor