बरेली में हरित क्रांति की नींव: सीबीगंज वन क्षेत्र में ‘नगर वन’ का शिलान्यास, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को नई रफ्तार
बरेली के सीबीगंज वन क्षेत्र में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर नगर वन की स्थापना की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया, जहां राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने भूमिपूजन कर हरित विकास की नई पहल का शुभारंभ किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में नगर वन की आवश्यकता और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण की मजबूत पहल बताया।
बरेली। बरेली के सीबीगंज वन क्षेत्र में सोमवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर नगर वन का शिलान्यास एवं भूमिपूजन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार अरुण कुमार सक्सेना द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि नगर वन परियोजना बरेली क्षेत्र की जनता एवं बाहरी पर्यटकों के लिए न केवल वनस्पति ज्ञान का केंद्र बनेगी, बल्कि वनों के प्रति सम्मान और जागरूकता भी बढ़ाएगी।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने जानकारी दी कि सीबीगंज क्षेत्र जैव विविधता से समृद्ध है, जहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे, वन्य जीव, अनेक प्रकार के पक्षी और सर्प पाए जाते हैं। यह क्षेत्र अपनी प्राकृतिक समृद्धि के कारण विशेष महत्व रखता है।
प्रभागीय वनाधिकारी बरेली दीक्षा भण्डारी ने नगर वन में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां इंटरप्रिटेशन सेंटर, वेटलैंड विकास, ट्री हाउस जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विकास कार्यों के दौरान किसी भी वनस्पति को नुकसान न पहुंचे और कोई पक्का निर्माण न किया जाए।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि इस क्षेत्र में ‘ग्लाइकोमेट पेन्टा फेला’ नामक दुर्लभ वृक्ष पाया गया है, जिसे सामान्यतः ‘जिनबेरी’ कहा जाता है और जिसका उपयोग मधुमेह जैसी बीमारियों में लाभकारी माना जाता है।
प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश वन निगम ए.के. सिंह ने नगर वन को बरेली क्षेत्र में पर्यावरण और पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत भूमि पूजन के साथ हुआ, जिसके बाद शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर सचिन कुमार (प्रभागीय वनाधिकारी शाहजहांपुर), श्रीमती निधि चौहान (प्रभागीय वनाधिकारी बदायूं), मनीष सिंह (प्रभागीय वनाधिकारी पीलीभीत टाइगर रिजर्व) सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।